Bharat Express DD Free Dish

आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़; गोमांस तस्कर शादाब अहमद के पैर में लगी गोली, 65 किलो मांस बरामद

आजमगढ़ के गंभीरपुर में पुलिस और गोमांस तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है. मुख्य आरोपी शादाब अहमद पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया. मौके से भारी मात्रा में गोमांस और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं.

azamgarh-police-encounter-beef-smuggling-gang-busted-shadab-ahmed-arrested

Azamgarh Police Encounter: शुभम/आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने गोकशी और मांस तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक मुख्य आरोपी घायल हो गया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोमांस बरामद किया है. यह गिरोह काफी समय से इलाके में संगठित रूप से मांस की सप्लाई का अवैध कारोबार चला रहा था.

फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के कड़े निर्देशों पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंभीरपुर पुलिस को बड़ी सूचना मिली थी. पुलिस जब आरोपियों की घेराबंदी करने पहुंची, तो खुद को घिरा देख मुख्य आरोपी शादाब अहमद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. बचाव में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में शादाब के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया.

65 किलो गोमांस और बुलेट बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 65 किलो प्रतिबंधित गोमांस बरामद किया है. इसके साथ ही आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह तस्करी के लिए स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था ताकि पुलिस की नजरों से बचकर मांस की सप्लाई की जा सके.

भाई और साथियों के साथ मिलकर चला रहा था गिरोह

गिरफ्तार आरोपी शादाब अहमद, जो गंभीरपुर के कमरावा गांव का रहने वाला है, उसने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. शादाब ने कुबूल किया कि वह अपने भाई सरफराज और साथी रईश अहमद के साथ मिलकर संगठित रूप से गोवंश के मांस की बिक्री करता था. पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी रईश अहमद अभी भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं.

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है. आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है.’

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल से छुट्टी पर घर आए बीएसएफ जवान को सोते वक्‍त सिर में मार दी गई गोली, मेरठ में कोहराम मचा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read