Baramati Bypoll 2026: महाराष्ट्र की हाई-प्रोफाइल बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव (Baramati Bypolls) के लिए मतदान जारी है. इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SCP) के विधायक रोहित पवार (Rohit Pawar) ने गुरुवार को अपना वोट डाला और अपने चाचा व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार (Ajit Pawar) को याद किया. 28 जनवरी को एक दर्दनाक विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी. इस भावुक चुनाव में अजित पवार की पत्नी और मौजूदा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar) एनसीपी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं.
रोहित पवार का भावुक बयान (Rohit Pawar voting In Baramati)
रोहित पवार ने पिंपली गांव के जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बारामती ने अपने सबसे कद्दावर नेताओं में से एक को खो दिया है, इसलिए आम चुनाव के दिनों जैसा उत्साह आज नजर नहीं आ रहा है.
सुनेत्रा पवार की भारी जीत का विश्वास जताते हुए रोहित ने कहा, “यह चुनाव बेहद भावुक है. लोग इसलिए भी भावुक हैं क्योंकि उनके नेता अब उनके बीच नहीं रहे. अजित दादा राज्य के एक लोकप्रिय नेता थे और इस पूरे निर्वाचन क्षेत्र को अपना परिवार मानते थे. हमें पूरा विश्वास है कि सुनेत्रा पवार रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगी.”
बीजेपी लगाया आरोप (Baramati Bypoll Update)
इस दौरान रोहित पवार ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी सीधा और तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा, “बारामती की जनता पवार बनाम पवार की लड़ाई नहीं चाहती है. लेकिन चूंकि अजित दादा की पार्टी बीजेपी के साथ है, इसलिए वह बड़ी पार्टी यही चाहती है कि पवार परिवार के भीतर यह लड़ाई जारी रहे.”
सुनेत्रा पवार की डगर आसान नहीं
कांग्रेस द्वारा अपने प्रत्याशी आकाश मोरे की उम्मीदवारी वापस लेने के बाद, यह लगभग तय माना जा रहा था कि सुनेत्रा पवार आसानी से विधानसभा पहुंच जाएंगी, जो कि उपमुख्यमंत्री का पद बनाए रखने के लिए जरूरी है. हालांकि, कागजों पर यह चुनाव सुनेत्रा के लिए पूरी तरह से ‘वॉकओवर’ नहीं है. उनका मुकाबला नवगठित ‘न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी’ के उम्मीदवार आर.वाई. गुटुकडे, ‘हिंदुस्तान जनता पार्टी’ के सतीश कदम और 20 अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों से है.
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में 1 करोड़ आबादी करेगी खेल, बोएर समुदाय ने आखिर क्यों नहीं डाला वोट?
‘दादा को श्रद्धांजलि है बारामती का हर वोट’
इससे पहले दिन में, सुनेत्रा पवार ने काटेवाड़ी के एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. उनके साथ एनसीपी सांसद पार्थ पवार (Parth Pawar) भी मौजूद थे, जिन्होंने जिला परिषद स्कूल में वोट डाला. वोटिंग के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए सुनेत्रा पवार ने कहा, “बारामती की जनता पिछले 60 वर्षों से पवार परिवार के समर्थन में मजबूती से खड़ी है. यह चुनाव दादा की अनुपस्थिति में हो रहा है, और बारामती के सभी लोगों ने दादा (अजित पवार) को श्रद्धांजलि के रूप में उन्हें अपना वोट देने का फैसला किया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


