Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, 11 राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम सुहाना हो गया, जबकि मौसम विभाग ने यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जानें जिलावार मौसम का हाल और तापमान का अपडेट.

Weather Update: मंगलवार की रात दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के लोगों को बड़ी राहत मिली. कई दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए अचानक मौसम ने करवट ली. आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई. इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से छुटकारा मिला. ठंडी हवाओं ने माहौल को सुहाना बना दिया.

11 राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज यानी 13 मई को यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में बारिश और आंधी का कहर देखने को मिल सकता है. इस दौरान 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा भी बताया गया है. किसानों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

फसलों को नुकसान का खतरा

तेज बारिश और आंधी से कई जगहों पर फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में वायुमंडलीय चक्रवात सक्रिय है. इन इलाकों में मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है.

दिल्ली का हाल

दिल्ली में आज बारिश और आंधी की चेतावनी है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश का हाल

उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, गोरखपुर, मेरठ, आगरा और कानपुर में भारी बारिश और तूफान की संभावना है. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

बिहार का हाल

बिहार के गया, चंपारण, गोपालगंज, सिवान, अररिया, किशनगंज और दरभंगा समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड का हाल

उत्तराखंड के नैनताल, देहरादून, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी है. देहरादून में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

पंजाब का हाल

पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और चंडीगढ़ में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है.

हिमाचल का हाल

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. मनाली में अधिकतम तापमान 10 डिग्री और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.

जम्मू-कश्मीर का हाल

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग और जम्मू जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है. यहां तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है.

राजस्थान का हाल

राजस्थान के हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर और सीकर जिलों में बारिश का अलर्ट है. जयपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें-सरकार का बड़ा कदम: सोना-चांदी पर बढ़ी इम्पोर्ट ड्यूटी, नई दरें लागू… आगे कीमतों का क्या होगा?

मध्य प्रदेश का हाल

मध्य प्रदेश के धार, उज्जैन, भोपाल और मुरैना जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट है. यहां लू वाली हवाएं 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read