Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

स्वरलयछंद ऑर्गनाइजेशन के दो दिवसीय संगीत महोत्सव का दूसरा दिन रहा यादगार

स्वरलयछंद ऑर्गनाइजेशन के दो दिवसीय संगीत महोत्सव का समापन शास्त्रीय गायन और संतूर वादन की यादगार प्रस्तुतियों के साथ हुआ.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

नयी दिल्ली: 31 मई 2026 को स्वरलयछंद ऑर्गनाइजेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय संगीत महोत्सव का दूसरा दिन शास्त्रीय संगीत की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सराबोर रहा. संस्थापक पंडित भोलेनाथ मिश्रा जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित भोलेनाथ मिश्रा जी की रचित एवं स्वरबद्ध रचना से हुआ, जिसे उनके शिष्यों द्वारा प्रस्तुत किया गया. इसके अंतर्गत सर्वप्रथम सरस्वती वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.

दूसरी प्रस्तुति में युवा गायक श्री शिवम मिश्रा ने राग पुरीया का प्रभावशाली गायन प्रस्तुत किया. उनकी प्रस्तुति को तबले पर तथागत, हार्मोनियम पर जाकिर धौलपुरी, तथा तानपुरे पर शिवम नायक एवं धीरज झा ने सशक्त संगत प्रदान की. राग की गंभीरता और मधुरता ने श्रोताओं को विशेष रूप से प्रभावित किया.

इसके पश्चात कार्यक्रम की तीसरी प्रस्तुति प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका डॉ. शिल्पा मिश्रा द्वारा दी गई. उल्लेखनीय है कि इस संपूर्ण आयोजन के संचालन और संयोजन में डॉ. शिल्पा मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनकी प्रस्तुति में तबले पर श्री गुरप्रीत सिंह, श्री हार्मोनियम पर जाकिर धौलपुरी, सारंगी पर श्री तनिष धौलपुरी तथा तानपुरे पर प्रिया मिश्रा ने संगत की. कलाकारों के उत्कृष्ट समन्वय ने प्रस्तुति को विशेष ऊँचाई प्रदान की.

कार्यक्रम के समापन सत्र में देश के सुप्रसिद्ध संतूर वादक पंडित अभय सपोरी जी ने संतूर वादन की एकल प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया. उनके साथ तबले पर श्री उजित उदय ने प्रभावशाली संगत की. संतूर और तबले के अद्भुत संवाद ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.
शास्त्रीय संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में स्वरलयछंद ऑर्गनाइजेशन का यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital