Bihar Hospital Fire: मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में बुधवार देर रात लगी आग ने चार मरीजों की जान ले ली, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं. आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू में भड़की, जहां गंभीर मरीज भर्ती थे. धुआं फैलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. एसएसपी कांतेश कुमार ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है. हादसे के बाद बाकी मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया.
आग ने तबाही मचाई
आईसीयू में लगी आग इतनी भीषण थी कि वहां के बेड, ऑक्सीजन सिलिंडर और उपकरण पूरी तरह जल गए. अगर समय रहते एक बुजुर्ग महिला ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती, तो मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता था. 95 साल की राधा देवी, जो उसी आईसीयू में भर्ती थीं, ने अपनी हिम्मत से कई लोगों की जान बचा ली.
ऑक्सीजन मास्क हटाकर दी आग की खबर
राधा देवी ने बताया कि जब धुआं फैलने लगा तो उन्होंने खुद से ऑक्सीजन मास्क हटाया और बाहर निकल आईं. बाहर आकर उन्होंने नर्स को आग लगने की सूचना दी. नर्स ने तुरंत अलार्म बजाया और अस्पताल प्रशासन हरकत में आया. कुछ ही मिनटों में मरीजों को बाहर निकालने का अभियान शुरू हो गया.
‘धुआं फैलते हम बाहर निकलली…’
छपरा मेघ की रहने वाली राधा देवी ने स्थानीय भाषा में बताया कि आग लगते ही अंधेरा छा गया. उन्होंने कहा कि धुआं फैलते हम बाहर निकलली और मैडम के बतइली, तब मैडम अंदर जाकर देखलई. उनके परिवार ने बताया कि राधा देवी को बीपी और सांस की तकलीफ के कारण भर्ती कराया गया था.
कब लगी आग?
परिजनों और अस्पताल स्टाफ के अनुसार, आग रात करीब 3.30 बजे लगी. धुआं फैलते ही लोगों ने शोर मचाया और 3.55 बजे अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. अगर राधा देवी ने समय पर नर्स को नहीं बताया होता, तो स्थिति और भयावह हो सकती थी.
दमकल विभाग ने बचाए 20 मरीज
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी रामनिवास पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची. आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा. इस दौरान 15 से 20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. दो मरीजों की मौत मौके पर हुई, जबकि दो अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें-भारतीय नौसेना को जल्द मिलेंगे नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट, हिंद महासागर में बढ़ेगी ताकत
दादी की सूझबूझ से बची कई जानें
राधा देवी की हिम्मत और सतर्कता ने कई परिवारों को अपनों से बिछड़ने से बचा लिया. उनकी बहादुरी ने यह साबित कर दिया कि उम्र चाहे कितनी भी हो, साहस और मानवता सबसे बड़ी ताकत होती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

