PM Modi Government 12 Years
PM Modi Government 12 Years: 26 मई 2014 वह दिन था, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री पद से देश के प्रधानमंत्री बने. पिछले हफ्ते 26 मई 2026 को मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे किए हैं. इन उपलब्धियों पर बीजेपी पांच बुकलेट जारी करेगी, जिनमें सरकार के पूरे 12 वर्षों का लेखा-जोखा पेश किया जाएगा. इसी के साथ 12 साल पूरने पर बीजेपी ने सेलिब्रेशन का प्लान भी तैयार कर लिया है जो 5 जून से 21 जून के बीच पूरे देश में चलेगा.
12 वर्ष पूरे होने पर पूरे देशभर में उत्साह
5 जून से 21 जून 2026 तक देश भर में विभिन्न जनसंपर्क, सेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पार्टी इसे “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण” के रूप में मनाने जा रही है. पार्टी ने इन वर्षों को गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान, किसानों के हित, महिला सशक्तिकरण और समग्र विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया है. कार्यक्रमों की श्रृंखला में 8 से 12 जून तक मीडिया संवाद आयोजित किए जाएंगे. केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी नेता सरकार की उपलब्धियों और विकास यात्राओं को जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे. इसी दौरान इन बुकलेटों को जारी किया जाएगा.
कार्यक्रमों का लगेगा मेला
8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर नागरिकों से संवाद करेंगे और विकास कार्यों की जानकारी देंगे. इस अभियान के तहत वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्राएं तथा “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. प्रत्येक जिले में कम से कम 500 महत्वपूर्ण व्यक्तियों से संपर्क साधने का लक्ष्य रखा गया है.
12 से 20 जून के बीच देशभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर सहित अन्य योजनाओं में पात्र लोगों का पंजीकरण कराया जाएगा. पार्टी संगठन को निर्देश दिया गया है कि वह लाभार्थियों को शिविरों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए. पर्यावरण दिवस 5 जून पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




