Aurangabad Road Accident: बिहार के औरंगाबाद जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदल दीं. मुफस्सिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भवानी होटल के पास एक पर्यटक बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इस दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 15 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है.
तीर्थयात्रा के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, आंध्र प्रदेश के नेल्लौर जिले से करीब 40 श्रद्धालु 15 दिनों की धार्मिक यात्रा पर निकले थे. इस दौरान उन्होंने पुरी, बैद्यनाथ धाम और बोधगया जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन किए. बोधगया से दर्शन कर लौटने के बाद सभी श्रद्धालु काशी और विश्वनाथ धाम की यात्रा के लिए रवाना हुए थे.
इसी दौरान देर रात करीब साढ़े 12 बजे उनकी बस औरंगाबाद के देव मोड़ के पास पहुंची, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार कई यात्री सीटों से उछल गए और चीख-पुकार मच गई.
ये भी पढ़ें- कातिल दंपति की हर हरकत कैमरे में कैद; दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर की हत्या मामले में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.
जिला प्रशासन अब मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह राज्य आंध्र प्रदेश पहुंचाने की व्यवस्था में जुटा हुआ है. साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्राओं के दौरान सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


