Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पीएम मोदी की सेवा के 12 वर्ष पूरे; रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- देश के इतिहास में लिखा गया नया अध्याय

पीएम मोदी के लगातार तीसरी बार शपथ लेने के 2 वर्ष और कुल 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बधाई दी है. उन्होंने इसे सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र-प्रथम का ऐतिहासिक काल बताया.

पीएम मोदी के 12 साल कार्यकाल और तीसरी बार शपथ लेने के 2 साल पूरे होने को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक ऐतिहासिक अध्याय बताया है. राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “2024 में आज ही के दिन नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली और भारत के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा. पिछले 12 वर्षों में पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने ‘सेवा’ की भावना के साथ शासन-व्यवस्था को नई परिभाषा दी है और यह सुनिश्चित किया है कि विकास समाज के हर वर्ग तक पहुंचे.”

रक्षा मंत्री ने आगे लिखा, “”स्वयं से पहले सेवा” के सिद्धांत से प्रेरित ‘सेवा के 12 वर्ष’ की इस यात्रा में गरीबों का सशक्तीकरण, मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा, बड़े बदलाव लाने वाले सुधार, तेजी से होता बुनियादी ढांचे का विकास और डिजिटल इनोवेशन शामिल रहे हैं. जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत 2047’ की ओर बढ़ रहा है, ये 12 वर्ष दूरदर्शी नेतृत्व, समावेशी विकास और ‘राष्ट्र-प्रथम’ शासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के प्रमाण के रूप में खड़े हैं.”

140 करोड़ भारतीयों के संकल्प की सिद्धि

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के ये 12 वर्ष, भारत के परिवर्तन, प्रगति और जन-कल्याण की ऐतिहासिक यात्रा के 12 वर्ष हैं. यह यात्रा केवल एक सरकार के कार्यकाल की कहानी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक संकल्प को सिद्धि में बदलने का गौरवशाली अध्याय है. ‘प्रधानसेवक’ के रूप में प्रधानमंत्री मोदी ने अंत्योदय, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन की मूल भावना बनाते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.”

ये भी पढ़ें: ‘हमें अलग व्यवस्था दो..’, TMC को निगलने चले बागी, संकट में अभिषेक बनर्जी; कोलकाता से दिल्ली तक क्या चल रहा है?

सिरसा ने आगे कहा, “जन-धन से जन-विश्वास तक, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण तक, इन 12 वर्षों में भारत ने विकास, विश्वास और जन-कल्याण का नया इतिहास रचा है. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है, अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामर्थ्य का गौरव बढ़ाया है तथा विकसित भारत के संकल्प को नई गति प्रदान की है.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अंत्योदय’ और गरीब कल्याण को बताया आधार

इसके पहले 8 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा था, “पिछले 12 सालों में भारत ने कई बदलाव देखे हैं और इन बदलावों के केंद्र में गरीबों और वंचितों का कल्याण रहा है. हम हमेशा ‘अंत्योदय’ से प्रेरित रहे हैं और हमारी कोशिश यही रही है कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे जो दशकों से पीछे छूट गए थे. जन-धन खातों और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से लेकर स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और अन्य योजनाओं तक, हर पहल का मकसद बस यही रहा है कि लोगों को सम्मान और अवसर मिलें.”

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital