Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी को स्लोवाकिया में मिला सर्वोच्च सम्मान, वाराणसी प्रदर्शनी का अवलोकन

ब्रातिस्लावा में वाराणसी प्रदर्शनी देखने के बाद पीएम मोदी को स्लोवाकिया ने सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से नवाजा. पीएम ने इसे भारत-स्लोवाकिया दोस्ती को समर्पित किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा के प्रेसिडेंशियल पैलेस में वाराणसी पर आधारित एक प्रदर्शनी देखी. इस प्रदर्शनी में हाल ही में वाराणसी की यात्रा करने वाले स्लोवाक कलाकारों की पेंटिंग और कलाकृतियां शामिल थीं. पीएम मोदी ने कहा कि कला और संस्कृति में देशों और लोगों को जोड़ने की अद्भुत ताकत होती है.

सोशल मीडिया पर साझा अनुभव

प्रदर्शनी देखने के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “ब्रातिस्लावा में बनारस का जुड़ाव! राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ वाराणसी पर आधारित शानदार प्रदर्शनी देखी. कला और संस्कृति सचमुच लोगों को करीब लाने की क्षमता रखती है.” उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल कलाकारों को शुभकामनाएं भी दीं.

नेताओं ने की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी और स्लोवाक राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने स्लोवाक कलाकारों द्वारा बनाई गई वाराणसी से प्रेरित पेंटिंग्स की सराहना की. दोनों नेताओं ने कहा कि कला भारत और स्लोवाकिया के बीच मजबूत सांस्कृतिक पुल का काम करती रहेगी.

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि प्रेसिडेंशियल पैलेस में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने स्लोवाक कलाकारों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. मंत्रालय ने प्रदर्शनी की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं.

वाराणसी थीम पर प्रदर्शनी

मंत्रालय के अनुसार, यह प्रदर्शनी ‘वाराणसी शहर’ विषय पर आधारित थी. इसमें भारत के सबसे प्राचीन शहर की आध्यात्मिकता, संस्कृति और दैनिक जीवन को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया. स्लोवाक कलाकारों ने अपनी वाराणसी यात्रा से प्रेरणा लेकर इन कलाकृतियों को बनाया था.

पीएम मोदी को मिला सम्मान

स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च राज्य सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से नवाजा. यह सम्मान किसी विदेशी देश द्वारा पीएम मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है.

ये भी पढ़ें-राम मंदिर में दान की चोरी पर PM मोदी सख्त, फोन कर दिए SIT जांच के आदेश, 15 दिन में देने होंगे रिपोर्ट

पीएम मोदी का संदेश

सम्मान मिलने पर प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा,

“आज शाम ब्रातिस्लावा में ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ प्राप्त कर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों का है. मैं इसे भारत और स्लोवाकिया की दोस्ती को समर्पित करता हूं.”

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read