Mirabella Society Parking Accident: दिल्ली-NCR में रफ्तार का जानलेवा रोमांच सड़कों के बाद अब सोसायटियों के बेसमेंट तक पहुंच गया है. नोएडा के सेक्टर-79 स्थित ‘महागुन मिराबेला सोसायटी’ की पार्किंग में सोमवार देर रात एक खौफनाक हादसा हुआ. यहां एक तेज रफ्तार होंडा अमेज कार ने अपनी ही कार से सामान निकाल रही एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उनकी 5 साल की मासूम बेटी को बेरहमी से रौंद दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटी करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरीं. इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जबकि बच्ची को भी काफी चोटें आई हैं.
कार के नीचे फंसी रही जिंदगी
जानकारी के मुताबिक, सोसायटी निवासी अरुण शर्मा नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. सोमवार रात वह अपनी पत्नी कृतिका और बेटियों के साथ कार से सामान निकाल रहे थे. इसी बीच बेसमेंट की संकरी लेन में करीब 40 किमी/घंटे की रफ्तार से आ रही कार ने कृतिका और उनकी छोटी बेटी को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. बच्ची तो दूर जा गिरी, लेकिन कृतिका कार के नीचे ही फंस गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने मिलकर कार को ऊपर उठाया. करीब 4 मिनट की भारी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला जा सका. दोनों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कृतिका जिंदगी की जंग लड़ रही हैं. उनकी पसलियां टूट गई हैं और सिर व कंधे में गंभीर चोटें हैं.
कार की रफ्तार तय लिमिट से 4 गुना तेज
सोसायटी के लोगों का आरोप है कि बेसमेंट पार्किंग में दो खतरनाक घुमावदार मोड़ हैं, जहां गाड़ियों की स्पीड लिमिट महज 10 किमी/घंटा तय है. इसके बावजूद आरोपी ड्राइवर लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहा था.
मामले पर सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है. हालांकि, शुरुआती मेडिकल जांच में ड्राइवर के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: मेरठ महिला थाने में लापरवाही पर एसएसपी की सख्ती, बदली गईं 19 महिला पुलिसकर्मी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

