Bharat Express DD Free Dish

चीन को क्यों चाहिए कटहल? वियतनाम के बाद बांग्लादेश पर नजर, क्या है इसके पीछे की वजह?

China Jackfruit Import: चीन ने वियतनाम से कटहल आयात को मंजूरी दी और अब बांग्लादेश से भी कटहल खरीदने की तैयारी कर रहा है. इससे बांग्लादेशी किसानों को बड़ा निर्यात बाजार मिलेगा.

China Jackfruit Import: दुनिया के सबसे बड़े कंज्यूमर मार्केट्स में शामिल चीन अब कटहल को लेकर तेजी से रुचि दिखा रहा है. 1 जून 2026 से चीन ने वियतनाम से ताजा कटहल के आयात को मंजूरी दी है. इसके लिए चीन की कस्टम्स अथॉरिटी ने सख्त क्वालिटी और फाइटोसैनिटरी नियम बनाए हैं. एक्सपोर्ट करने वाले बागानों और पैकिंग यूनिट्स को दोनों देशों से अप्रूवल लेना होगा और फलों की सफाई व ट्रेसबिलिटी सुनिश्चित करनी होगी.

अब बांग्लादेश की ओर नजर

वियतनाम के बाद चीन अब बांग्लादेश से भी कटहल खरीदने की तैयारी कर रहा है. मई 2025 में चीन ने बांग्लादेश से कच्चे आम का आयात शुरू किया था. उसी समय चीन के राजदूत ने कटहल और अमरूद को भी अपने बाजार तक पहुंचाने की इच्छा जताई थी. हाल ही में तारिक रहमान की चीन यात्रा के दौरान दोनों देशों ने ट्रेड बैलेंस कम करने और व्यापार बढ़ाने पर जोर दिया. इस दौरान 17 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स के व्यापार को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी.

किसानों के लिए बड़ा अवसर

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर चीन का विशाल बाजार बांग्लादेशी कटहल के लिए खुलता है तो किसानों की आय में बड़ा इजाफा होगा. इससे न केवल कटहल बल्कि अन्य कृषि उत्पादों के लिए भी नए एक्सपोर्ट मार्केट तैयार हो सकते हैं. कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले बांग्लादेश के लिए यह विदेशी मुद्रा कमाने का सुनहरा मौका साबित हो सकता है.

चीन को क्यों पसंद आ रहा है कटहल?

चीन में हेल्दी और नेचुरल फूड की मांग लगातार बढ़ रही है. कटहल को पोषक तत्वों से भरपूर और कई तरह के फूड प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होने वाला फल माना जाता है. इसके अलावा प्लांट-बेस्ड और वेजिटेरियन फूड की लोकप्रियता ने भी कटहल की मांग को बढ़ाया है. यही वजह है कि चीन दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों से कटहल आयात करने की रणनीति पर काम कर रहा है.

ये भी पढ़ें-टेक कंपनी ओरेकल ने फिर दिया झटका, 500 कर्मचारियों की छुट्टी; जानें किस देश पर गिरी गाज

बांग्लादेश को क्या करना होगा?

हालांकि इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए बांग्लादेश को क्वालिटी, पैकेजिंग और एक्सपोर्ट स्टैंडर्ड्स को मजबूत करना होगा. अगर ऐसा किया गया तो कटहल भविष्य में बांग्लादेश के सबसे बड़े कृषि निर्यात उत्पादों में शामिल हो सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read