Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

तेज आंधी में ई-रिक्शा पर गिरा विशाल पेड़, 5 की मौत, महिला की एक बात सुन छलक पड़े सबके आंसू

Firozabad E-Rickshaw Accident: फिरोजाबाद में तेज आंधी के दौरान ई-रिक्शा पर विशाल पेड़ गिरने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई.

Firozabad E-Rickshaw Accident

Firozabad E-Rickshaw Accident

Firozabad E-Rickshaw Accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में देर रात आई तेज आंधी कई परिवारों के लिए ऐसी त्रासदी लेकर आई, जिसने पलभर में खुशियां छीन लीं. थाना फरिहा क्षेत्र के गांव चडरई पृथ्वीपुर के पास एक ई-रिक्शा सात यात्रियों को लेकर गुजर रहा था. तभी तेज हवाओं के बीच सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सीधे ई-रिक्शा पर गिर पड़ा. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

हादसे में पांंच लोगों की मौत

स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पेड़ के नीचे दबे लोगों को निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन भारी पेड़ के कारण किसी को निकाला नहीं जा सका. हादसे में ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सात यात्रियों में से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के दौरान का एक मार्मिक दृश्य भी सामने आया. पेड़ के नीचे फंसी एक महिला से जब पुलिसकर्मी ने पूछा, तुम ठीक हो? तो उसने दर्द से कराहते हुए जवाब दिया, साहब… अभी तो जिंदा हूं, आगे का पता नहीं. महिला की यह बात वहां मौजूद हर शख्स को झकझोर गई.

यह भी पढ़ें: मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा… वॉल्वो बस और ट्रेलर में खौफनाक भिड़ंत से 4 यात्रियों की दर्दनाक मौत

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया. जब पेड़ को हाथों से हटाना संभव नहीं हुआ तो जेसीबी मशीन बुलाई गई. इसके बाद पेड़ हटाकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

मृतकों के आश्रितों को मिलेगी चार- चार लाख की आर्थिक सहायता

हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया तथा मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया. प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. गांव में हर ओर शोक का माहौल है और लोगों की आंखें नम हैं. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है, जबकि प्रशासन पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital