डिजिटल युग में साइबर अपराधी और हैकर्स कितने बेखौफ हो चुके हैं, इसका एक बेहद चौंकाने वाला उदाहरण सामने आया है. इस बार साइबर ठगों के निशाने पर कोई आम इंसान नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और कद्दावर सांसद संबित पात्रा आए हैं. संबित पात्रा का आधिकारिक व्हाट्सएप (WhatsApp) अकाउंट अचानक हैकर्स द्वारा हैक कर लिया गया, जिसके बाद उनके नंबर से लोगों को अजीबोगरीब और अनर्गल मैसेज जाने शुरू हो गए.
हैकर्स ने संबित पात्रा के रसूखदार नाम और नंबर का फायदा उठाकर उनके परिचितों से हजारों रुपये की ठगी करने की कोशिश की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर ट्वीट कर लोगों को आगाह किया.
हैकर्स ने ऐसे रची थी ठगी की स्क्रिप्ट
संबित पात्रा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक करने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके कांटेक्ट लिस्ट में मौजूद कई वीआईपी और आम लोगों को निशाना बनाना शुरू किया. हैकर्स पहले पात्रा के नंबर से लोगों को बकायदा “हेलो” और “एक छोटी सी मदद चाहिए” जैसे सामान्य मैसेज भेजकर जाल में फंसाते थे. जैसे ही सामने वाला व्यक्ति संबित पात्रा का मैसेज समझकर जवाब देता, हैकर तुरंत लिखता है कि मेरा UPI काम नहीं कर रहा है, मुझे बहुत अर्जेंट 65 हजार रुपये की जरूरत है.
खुद संबित पात्रा ने ट्वीट कर दी जानकारी
जैसे ही संबित पात्रा को उनके नंबर से लोगों को जा रहे इन अनाप-शनाप और भ्रामक संदेशों की भनक लगी, उन्होंने बिना देरी किए एक्स (X) पर एक के बाद एक कई ट्वीट कर देशवासियों को सचेत किया. सांसद पात्रा ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि
“मेरा WhatsApp नंबर हैक हो गया है. मेरे नंबर से लोगों को भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं तथा विभिन्न माध्यमों से पैसों की मांग की जा रही है. कृपया ध्यान दें कि इस प्रकार के सभी संदेश पूर्णतः फर्जी एवं साइबर अपराध का हिस्सा हैं. उनका मुझसे कोई संबंध नहीं है. जब तक मेरा नंबर पुनः रिकवर नहीं हो जाता, तब तक किसी भी संदेश, कॉल या आर्थिक लेन-देन संबंधी अनुरोध पर बिल्कुल विश्वास न करें.”
इस साइबर अटैक की सूचना मिलते ही संबित पात्रा ने तत्काल ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य की साइबर सेल विंग से संपर्क साधा. साइबर सेल की हाई-टेक टेक्निकल टीम ने मामले को हाथ में लेते हुए युद्ध स्तर पर कार्रवाई शुरू की. कुछ ही घंटों की कड़ी मशक्कत और तकनीकी छानबीन के बाद टीम ने हैकर्स के चंगुल से संबित पात्रा का व्हाट्सएप अकाउंट सफलतापूर्वक रिकवर (Recover) कर लिया. अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद पात्रा ने दोबारा ट्वीट कर ओडिशा पुलिस और साइबर सेल की टीम का आभार व्यक्त किया.
सांसद की जनता को बड़ी सलाह
इस घटना से सबक लेते हुए संबित पात्रा और साइबर एक्सपर्ट्स ने आम जनता के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण गाइडलाइन जारी की है. आजकल साइबर अपराधी किसी भी भरोसेमंद या रसूखदार व्यक्ति का सोशल मीडिया और व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लेते हैं और उनके करीबियों से ‘आपातकाल’ का बहाना बनाकर पैसे ऐंठते हैं.
ये भी पढ़ें: बांकीपुर का बिगुल: जारी हुई ‘जंग’ की तारीख, जानें उपचुनाव का पूरा शेड्यूल?
यदि आपके पास भी किसी रिश्तेदार, दोस्त या नेता के नंबर से अचानक पैसों की मांग का कोई संदिग्ध मैसेज आता है, तो केवल टेक्स्ट मैसेज देखकर कभी भी ऑनलाइन यूपीआई ट्रांसफर न करें. सबसे पहले उस व्यक्ति को सीधे नॉर्मल कॉल करें या किसी अन्य माध्यम से संपर्क कर पुष्टि जरूर कर लें. डिजिटल दुनिया में आपकी सतर्कता ही साइबर ठगों के खिलाफ आपका सबसे बड़ा कवच है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

