चुनाव से पहले सीएम योगी ने ब्यूरोक्रेसी का किया पोस्टमार्टम
UP IPS Transfer: उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है. सरकार ने शुक्रवार को 28 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस लिस्ट में बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नर से लेकर एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी तक के नाम शामिल हैं.
सबसे ज्यादा चर्चा चार बड़े शहरों की है. वाराणसी, प्रयागराज, नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर बदल दिए गए हैं. यानी इन शहरों में अब पुलिस की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी.
मोहित अग्रवाल को वाराणसी से प्रयागराज भेजा गया है. पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज से हटाकर लखनऊ में एडीजी स्थापना बनाया गया है. वहीं, गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह अब गाजियाबाद की जिम्मेदारी संभालेंगी. गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर भेजा गया है. लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.
चार बड़े शहरों में बदले पुलिस कमिश्नर
तबादला सूची में सबसे बड़ा बदलाव कमिश्नरेट वाले शहरों में देखने को मिला है. 1997 बैच के IPS अधिकारी मोहित अग्रवाल अब प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर होंगे. इससे पहले वह वाराणसी में तैनात थे.
The Uttar Pradesh government has transferred 28 officers https://t.co/KWMGf0Py8u
— IANS (@ians_india) November 27, 2026
प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रहे पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी दी गई है.
नोएडा यानी गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को अब गाजियाबाद भेजा गया है. वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ अब गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी संभालेंगे.
इसके अलावा लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.
एडीजी और डीआईजी स्तर पर भी फेरबदल
बड़े शहरों के अलावा जोन और रेंज स्तर पर भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है.
बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन भेजा गया है. वहीं, लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार अब बरेली जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे.
डीआईजी स्तर पर भी कई अधिकारियों के तबादले हुए हैं. अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र भेजा गया है. सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह अब आगरा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे.
आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र भेजा गया है. वहीं, तकनीकी सेवाएं मुख्यालय में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है.
अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले
जिलों में तैनात पुलिस कप्तानों के तबादले भी किए गए हैं. अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद भेजा गया है. वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अब अयोध्या के नए एसएसपी होंगे.
कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदली गई है. कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है. प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत अब कानपुर नगर में तैनात होंगे.
गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को एसपी, डीजीपी मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है. प्रीति यादव को आगरा में 15वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक और आकाश तोमर को पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है.
तीन अधिकारियों के पुराने ट्रांसफर भी बदले
शासन ने 2020 बैच के तीन IPS अधिकारियों के पहले जारी किए गए तबादला आदेश भी निरस्त कर दिए हैं. अब उन्हें नई जगह तैनाती दी गई है.
पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त लखनऊ और अमित कुमावत को अपर पुलिस उपायुक्त आगरा बनाया गया है.
PAC और दूसरे विभागों में भी नई तैनाती
तबादला सूची में पीएसी और दूसरे पुलिस विभागों में तैनात अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं.
नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी पीटीसी सीतापुर बनाया गया है. डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को एसपी कारागार प्रशासन लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है.
त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ, राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय और सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर बनाया गया है. वहीं, अजीत कुमार सिन्हा को एसपी पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है.
ये भी पढ़ें- ‘कॉलेजियम की सिफारिशों में हस्तक्षेप करें’, पूर्व CJI बीआर गवई ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में क्या चिंता जताई?
कुल मिलाकर यूपी पुलिस में हुए इस फेरबदल में कमिश्नरेट से लेकर जोन, रेंज और जिलों तक अधिकारियों की तैनाती बदली गई है. अब इन अधिकारियों को अपनी नई जिम्मेदारी संभालनी होगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




