Meerut Encounter
Meerut Encounter: मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कथित गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से दो जिंदा गायों को सुरक्षित छुड़ाया गया, जबकि कई हथियार, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक कार और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है.
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार हर्रा-खिवाई मोड़ पर नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 7-8 लोग जसड़ पांचली रोड के पास गन्ने के खेत में दो निराश्रित गायों को बांधकर गौकशी की तैयारी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर दी. पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अकरम और शादाब उर्फ दानिश के पैर में गोली लग गई. दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
यह भी पढ़ें: कौन हैं झंडू कुमार? कभी बेचते थे सब्जियां, अब कॉमनवेल्थ गेम्स में इतिहास रचकर बने देश का गर्व
मौके से हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चाकू, एक बांका, लकड़ी का गुटका, रस्सियां, एक बनी मोहरी और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए. इसके अलावा दो जिंदा गायों को सुरक्षित मुक्त कराया गया. पुलिस ने एक वैगनआर कार और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल आरोपी घटनास्थल तक पहुंचने में कर रहे थे.
घायल आरोपियों का इलाज जारी, फरार बदमाशों की तलाश
घायल अकरम और शादाब उर्फ दानिश को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरूरपुर भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि दोनों की हालत स्थिर है और इलाज के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी. वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
दोनों आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अकरम और शादाब उर्फ दानिश के खिलाफ गौवध, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


