Bharat Express DD Free Dish

तापसी पन्नू का फिटनेस चैलेंज : 60 मिनट में किए 275 बर्पीज, 200 सिट-अप्स और 150 पुश-अप्स

Taapsee Pannu Fitness: तापसी पन्नू ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने 60 मिनट के हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट की झलक साझा की, जिसमें उन्होंने 775 एक्सरसाइज पूरी कीं. वर्कआउट के बाद उन्होंने अपनी तस्वीर शेयर की और फैंस को फिटनेस के प्रति समर्पण की झलक दिखाई.

taapsee pannu fitness

taapsee pannu fitness

Taapsee Pannu Fitness: बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू अपनी फिटनेस को लेकर हमेशा चर्चा में रहती हैं. एक बार फिर उन्होंने अपने हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट की झलक सोशल मीडिया पर साझा कर फैंस को फिटनेस गोल्स दिए हैं. अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वर्कआउट के बाद की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनके चेहरे पर थकान के साथ मेहनत की चमक साफ नजर आ रही है. तस्वीर के साथ तापसी ने लिखा, “60 मिनट में 275 बर्पीज, 200 सिट-अप्स, 150 पुश-अप्स और 150 एयर स्क्वॉट्स करने के बाद मेरी फीलिंग्स कुछ ऐसी हैं.” उनके इस पोस्ट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने एक घंटे में बेहद कठिन फिटनेस सेशन पूरा किया.

पहले भी शेयर कर चुकी हैं चोट की तस्वीर

तापसी इससे पहले भी अपने वर्कआउट से जुड़े अपडेट्स फैंस के साथ साझा करती रही हैं. 3 जून को उन्होंने अपनी पीठ पर चोट के निशान वाली तस्वीर पोस्ट की थी. इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था, “इस कहानी की सीख यह है कि खुरदुरी जमीन पर बैक और कोर की एक्सरसाइज एक साथ मत कीजिए.”

यह भी पढ़ें: किस से डर गए सलमान खान? सुबह-सुबह जिम फोटो शेयर कर लिखा ऐसा क्रिप्टिक कैप्शन; इंटरनेट पर मची खलबली!

‘गांधारी’ में नजर आएंगी तापसी

वर्कफ्रंट की बात करें तो 38 वर्षीय तापसी पन्नू ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2010 में तेलुगु फिल्म ‘झुम्मांडी नादम’ से की थी. हिंदी सिनेमा में उन्होंने 2013 में डेविड धवन की फिल्म ‘चश्मे बद्दूर’ से डेब्यू किया. हाल ही में तापसी निर्देशक अनुभव सिन्हा की कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘अस्सी’ में नजर आई थीं, जो यौन उत्पीड़न के मामलों पर आधारित है. अब वह जल्द ही नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘गांधारी’ में दिखाई देंगी. फिल्म की कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने मिशन को पूरा करने के लिए हर चुनौती का सामना करती है. रहस्य और दमदार एक्शन से भरपूर इस फिल्म में तापसी एक मजबूत और जुझारू मां के किरदार में नजर आएंगी. उनके साथ अभिनेता इश्वाक सिंह भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे.

कई दमदार फिल्मों में दिखा चुकी हैं अभिनय का हुनर

तापसी पन्नू बेबी, पिंक, मुल्क, द गाजी अटैक, मनमर्जियां, बदला, मिशन मंगल, सांड की आंख, थप्पड़, हसीन दिलरुबा, फिर आई हसीन दिलरुबा, रश्मि रॉकेट, डंकी और लूप लपेटा जैसी कई चर्चित फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं. निजी जीवन की बात करें तो तापसी पन्नू ने पूर्व डेनिश बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता मैथियास बोए से शादी की है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read