Tej Pratap Yadav Arrested
Tej Pratap Yadav Arrested: NEET पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद के दौरान शनिवार को पटना का माहौल गरमाया रहा. राजधानी के कई इलाकों में प्रदर्शन, नारेबाजी और पुलिस की सख्ती के बीच जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव को देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया.
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव दिन में छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरे थे. वह पटना के रामगुलाम चौक पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए. इस दौरान उन्होंने NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया.
कुछ देर बाद तेज प्रताप यादव छात्रों और समर्थकों के साथ रामगुलाम चौक से डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे. मार्च जब एग्जिबिशन रोड के पास पहुंचा तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोक दिया. इसी दौरान तेज प्रताप यादव को हिरासत में ले लिया गया.
तेज प्रताप यादव को कथित तौर पर हिरासत में ले लिया गया है। दावा किया जा रहा है कि तेज प्रताप को पुलिस पटना के सिटी सेंटर मॉल से अपने साथ ले गई pic.twitter.com/YvkF87feKj
— Swaraj Srivastava (@SwarajAjad) July 25, 2026
मॉल में ही तेज प्रताप हुए गिरफ्तार
हालांकि बाद में उन्हें वहां से जाने दिया गया था. शाम को तेज प्रताप पटना के एक मॉल में मौजूद थे. इसी दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गए. मॉल में अचानक पुलिस बल पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
गिरफ्तारी की वजह पर पुलिस की चुप्पी
पटना पुलिस ने फिलहाल यह साफ नहीं किया है कि तेज प्रताप यादव को किन धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, माना जा रहा है कि उनके खिलाफ बिना अनुमति प्रदर्शन करने, सड़क जाम करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में कार्रवाई की गई है.
तेज प्रताप की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई. पार्टी नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बताया है.
डाक बंगला चौराहे पर पथराव के बाद बढ़ी सख्ती
बिहार बंद के दौरान पटना के डाक बंगला चौराहे पर हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब प्रदर्शन के बीच पथराव की घटना सामने आई. इसके बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी और कई जगहों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई.
डाक बंगला चौराहा, एग्जिबिशन रोड और आसपास के इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करती नजर आई. प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई और आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी गई.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


