Bharat Express DD Free Dish

गुरु पूर्णिमा पर राजस्थान को 947 करोड़ की सौगात: CM भजनलाल शर्मा भरतपुर से करेंगे इन अहम योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

29 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश को 947 करोड़ रुपये से अधिक के शिक्षा प्रोजेक्ट्स की सौगात देंगे. इसमें 40 लाख से ज्यादा छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की डीबीटी राशि भी शामिल है.

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा. (फाइल फोटो)

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शिक्षा के क्षेत्र में 947 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की नई सौगात देंगे. भरतपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री 691 करोड़ रुपये के विभिन्न शैक्षणिक निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.

40 लाख छात्रों के खातों में पहुंचेंगे 250 करोड़ रुपये

छात्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री राज्य के कक्षा 1 से 8 तक में पढ़ने वाले 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को बड़ी राहत देंगे. इन विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी. इसके अलावा, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए 6 करोड़ रुपये की लागत से व्हीलचेयर और टैबलेट का वितरण भी किया जाएगा.

बालिका शिक्षा को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में प्रदेश के नए ‘बालिका सैनिक स्कूल’ का शिलान्यास भी करेंगे.

‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ और निपुण कैलेंडर की शुरुआत

छात्रों में बुनियादी शिक्षा का स्तर सुधारने और पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के तहत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन (Reading Promotion Campaign) का शुभारंभ करेंगे. इस विशेष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में प्रतिदिन 7वें कालांश (पीरियड) में केवल पठन-पाठन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

वहीं, अभिभावकों को सीधे विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने और विद्यार्थियों के सालभर के शैक्षणिक प्रदर्शन से अवगत कराने के लिए कार्यक्रम में ‘निपुण कैलेंडर’ का भी विमोचन किया जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read