Bharat Express DD Free Dish

श्रीलंका दौरे से पहले गौतम गंभीर को बड़ा झटका! इन दो बड़े कोचों से टूटा BCCI का रिश्ता, जानिए क्या रही वजह

श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. BCCI ने सहायक कोच रेयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप के कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे हेड कोच गौतम गंभीर के सामने नए स्टाफ के साथ तालमेल बिठाने की चुनौती खड़ी हो गई है.

Gautam Gambhir, Team India, Sri Lanka tour 2026

Team India Support Staff Changes: टीम इंडिया इन दिनों श्रीलंका दौरे की तैयारी में जुटी है लेकिन इस सीरीज से ठीक पहले हेड कोच गौतम गंभीर की मुश्किलें थोड़ी बढ़ गई हैं. वजह है टीम के सपोर्ट स्टाफ में होने वाले बड़े बदलाव. BCCI ने सहायक कोच रेयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप के कॉन्ट्रैक्ट आगे न बढ़ाने का फैसला किया है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के दौरान ही इनके कार्यकाल पूरे हो चुके थे और अब श्रीलंका दौरे से पहले नए चेहरों की तलाश तेज हो गई है. गंभीर के लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं है कि वे नए कोचिंग स्टाफ के साथ कितनी जल्दी तालमेल बिठा पाते हैं.

क्यों कटे इन दोनों दिग्गजों के पत्ते?

भले ही रेयान टेन डोशेट के पास गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल की तरह अपना अनुबंध बढ़ाने का विकल्प था लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वह खुद फ्रेंचाइजी क्रिकेट का रुख करना चाहते थे. चर्चा है कि वह जल्द ही IPL की जानी-मानी फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ जुड़ सकते हैं.

दूसरी तरफ फील्डिंग कोच टी दिलीप की विदाई की मुख्य वजह भारतीय टीम की खराब फील्डिंग रही. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने जिस तरह से लगातार कैच छोड़े और मैदान पर लचर प्रदर्शन किया उससे BCCI बिल्कुल खुश नहीं था. यही वजह है कि उनके विकल्प पर फैसला लेना जरूरी हो गया था.

मोर्ने मोर्केल को मिला ग्रीन सिग्नल

जहां टेन डोशेट और दिलीप जा रहे हैं वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज और भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल की स्थिति फिलहाल सुरक्षित नजर आती है. साउथ अफ्रीका में होने वाले अगले 50 ओवरों के विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बोर्ड का मानना है कि मोर्केल का अनुभव टीम के लिए बेहद अहम है.

गंभीर के पिछले दो सालों के कार्यकाल में सपोर्ट स्टाफ में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं. इससे पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद सहायक कोच अभिषेक नायर को भी अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी, जिनकी जगह सितांशु कोटक को लाया गया था.

ये भी पढे़ं- CWG 2026: UK में वल्लूरी अजय बाबू का धमाल! सिल्वर मेडल जीत तोड़ा रिकॉर्ड, PM मोदी और अमित शाह ने दी बधाई

कौन लेगा टी दिलीप की जगह?

खबरों के मुताबिक टी दिलीप की जगह असम के पूर्व खिलाड़ी शुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच बनाया जा सकता है. घोष पहले से ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का हिस्सा रहे हैं और इंडिया ‘ए’, अंडर-19 के साथ-साथ महिला टीम के साथ भी काम कर चुके हैं. फिलहाल गंभीर के साथ कोचिंग यूनिट में सितांशु कोटक, मोर्ने मोर्केल, स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले और एनालिस्ट हरि प्रसाद मोहन जुड़े हुए हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read