Mid Day Meal Tamil Nadu: स्कूल के दिनों की वो मिड-डे मील वाली घंटी बजते ही बच्चों के चेहरे पर जो चमक आती थी उसकी बात ही कुछ और थी. अब तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसे सुनकर किसी भी बच्चे के मुंह में पानी आ जाए. जी हां, देश भर में अपनी बेहतरीन मिड-डे मील योजनाओं के लिए मशहूर तमिलनाडु सरकार अब एक ऐसा कदम उठाने जा रही है जो इतिहास रच सकता है. राज्य के सरकारी स्कूलों में बच्चों को हफ्ते में एक दिन गरमा-गरम ‘चिकन बिरयानी’ परोसने का प्रस्ताव सामने आया है!
शिक्षा मंत्री ने सीएम के सामने रखा प्रस्ताव
राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री राज मोहन ने इस शानदार विचार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सामने रखा है. इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए मंत्री ने तमिलनाडु की पुरानी और गौरवशाली परंपरा को याद किया. उन्होंने बताया कि कैसे के. कामराज ने सबसे पहले इस मिड-डे मील योजना की नींव रखी थी जिसे बाद में एमजीआर, करुणानिधि और जे. जयललिता जैसे दिग्गजों ने समय के साथ और बेहतर बनाया.
इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब मंत्री चाहते हैं कि बच्चे को हफ्ते में कम से कम एक दिन मेन्यू में चिकन बिरयानी का स्वाद मिले. फिलहाल यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री के विचाराधीन है और इस पर प्रशासनिक स्तर पर मंथन चल रहा है, जिस पर अभी कोई अंतिम मुहर लगना बाकी है.
ये भी पढे़ं- कमाई से ज्यादा कर्ज! क्या कंगाल हो रहे हैं भारत के राज्य? संसद में खुले चौकाने वाले आंकड़े
पोषण के मामले में हमेशा आगे तमिलनाडु
बता दें कि स्कूली बच्चों को पौष्टिक खाना देने के मामले में तमिलनाडु हमेशा से पूरे देश के लिए एक मिसाल रहा है. सितंबर 2022 में वहां प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के लिए ‘मुख्यमंत्री नाश्ता योजना’ भी शुरू की गई थी, जिससे यह पक्का हो सके कि कोई भी बच्चा भूखा स्कूल न आए.
अगर मुख्यमंत्री इस चिकन बिरयानी वाले प्रस्ताव को हरी झंडी दे देते हैं, तो यह बच्चों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा और तमिलनाडु के स्कूल मील के इतिहास का यह सबसे बड़ा और स्वादिष्ट बदलाव बन जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


