Haridwar Flash Flood
Haridwar Flash Flood: उत्तराखंड के हरिद्वार में गुरुवार को हुई तेज बारिश से अचानक हालात बिगड़ गए. खड़खड़ी इलाके में सूखी नदी अचानक उफान पर आ गई और वहां रपटे पर खड़ी दो कारें पानी के तेज बहाव में बह गईं. हादसा होते ही मौके पर हड़कंप मच गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि आगे जाकर गंगा में पानी कम था, जिससे दोनों कारें कुछ दूरी पर अटक गईं और बड़ा हादसा टल गया.
दरअसल, यह पूरी घटना खड़खड़ी श्मशान घाट के पास की है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश होते ही सूखी नदी में अचानक उफान आ जाता है. गुरुवार को भी कुछ लोग यहां श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के सिलसिले में पहुंचे थे और उन्होंने अपनी गाड़ियां सूखी नदी के रपटे पर पार्क कर दी थीं. तभी अचानक पहाड़ों से पानी का तेज सैलाब आ गया. जब तक लोग कुछ समझ पाते, पानी का बहाव दोनों कारों को अपने साथ बहाकर ले गया.
तेज रफ्तार की वजह से बहती नजर आई गाड़ियां
पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी ने भी बीच में कूदने का जोखिम नहीं उठाया. घटना की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. थोड़ी देर बाद जब पानी का स्तर कुछ कम हुआ, तब जाकर काफी मशक्कत के बाद गाड़ियों को बाहर निकाला जा सका.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
सूखी नदी में गाड़ियों के बहने का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार बाहर से आने वाले यात्री या स्थानीय लोग नदी के सूखे हिस्से में गाड़ियां खड़ी कर देते हैं और अचानक आए पानी में हादसे का शिकार हो जाते हैं. इसी समस्या को देखते हुए कुंभ मेले के बजट से यहां नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका काम अभी चल ही रहा था.
ये भी पढ़ें- ‘भारत से अपने मुल्क लौटते ही सलाखों के पीछे होंगी हसीना, सरेंडर नहीं करने देंगे’, बांग्लादेशी सरकार के मंत्री की धमकी
मामले की जानकारी देते हुए हरिद्वार के एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को सुरक्षित बाहर निकलवा लिया है. उन्होंने आम लोगों और यात्रियों से सख्त अपील की है कि वे नदी के सूखे पेटे या रपटे पर गाड़ियां बिल्कुल खड़ी न करें. प्रशासन की ओर से तय की गई आधिकारिक पार्किंग का ही इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


