LMHP Fellowship: अगर आपके पास साइकोलॉजी, सोशल वर्क या पब्लिक हेल्थ की डिग्री या डिप्लोमा है तो आपके लिए एक शानदार मौका है. नशे के खिलाफ चल रही जंग का हिस्सा बनने के साथ-साथ आप हर महीने मोटी कमाई भी कर सकते हैं. पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के तहत ‘लीडरशिप इन मेंटल हेल्थ प्रोग्राम’ (LMHP) के दूसरे बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया इसी महीने अगस्त 2026 में शुरू होने जा रही है.
इस फेलोशिप के जरिए युवाओं को पंजाब के अलग-अलग जिलों में मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास के काम से जोड़ा जाएगा. आइए जानते हैं कि इस प्रोग्राम से जुड़ी खास बातें क्या हैं और इसके लिए कौन-कौन आवेदन कर सकता है.
क्या है यह LMHP प्रोग्राम?
पंजाब सरकार की इस खास पहल को डॉ. बी. आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIMS), मोहाली और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS), मुंबई मिलकर चला रहे हैं. इसका मकसद सिर्फ नशा तस्करों पर पुलिसिया कार्रवाई करना नहीं है बल्कि उन लोगों की काउंसलिंग और देखभाल करना है जो नशे की दलदल में फंस चुके हैं. पहले बैच के फेलो पहले से ही राज्य में बढ़िया काम कर रहे हैं और अब दूसरे बैच के लिए युवाओं को चुना जाना है.
किस पद पर कितनी सैलरी?
इस प्रोग्राम के तहत दो मुख्य पदों पर भर्तियां होनी हैं-
मेंटल हेल्थ फेलो: इसके लिए चुने गए युवाओं को हर महीने 60,000 रुपये सैलरी और साथ में यात्रा भत्ता दिया जाएगा.
सीनियर एसोसिएट: इस पद पर काम करने वालों को 80,000 रुपये महीना सैलरी और यात्रा भत्ता मिलेगा.
ये भी पढ़ें- गया में स्कुली बच्चों ने संभाला मोर्चा, स्कूल की बदहाली से तंग आकर पहुंचे एसडीएम ऑफिस
कौन कर सकता है आवेदन?
इस फेलोशिप के लिए वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास साइकोलॉजी में मास्टर डिग्री, पीजी डिप्लोमा, एम.फिल या सोशल वर्क, पब्लिक हेल्थ जैसे विषयों में डिग्री या पीएचडी हो. इसके अलावा आवेदक की उम्र फेलो के लिए 30 साल और सीनियर एसोसिएट के लिए 35 साल तक होनी चाहिए. चुनी गई टीम को पंजाब के किसी भी जिले में रहकर फील्ड में काम करना होगा, इसलिए ट्रैवल करने का जज्बा होना जरूरी है.
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन आवेदन, स्क्रीनिंग, केस स्टडी और अंत में पैनल इंटरव्यू शामिल हैं. उम्मीदवारों के काम करने के तरीके, समझ और समस्या सुलझाने की क्षमता को परखने के बाद ही अंतिम चयन किया जाता है. यदि आप भी इस नेक काम का हिस्सा बनना चाहते हैं और योग्यता पूरी करते हैं तो आप इसकी आधिकारिक वेबसाइट tiss.ac.in/lmhp पर जाकर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

