Rajasthan Crime News: राजस्थान के डीग में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां पड़ोस में रहने वाले युवक ने महिला को गोलियों से छलनी कर दिया. वजह सिर्फ इतनी थी कि महिला ने उसे घर के सामने खड़े होकर बदतमीजी करने से रोका था. इस मामूली टोकाटाकी ने खून-खराबे का रूप ले लिया और पूरे गांव में दहशत फैल गई.
खेत से लौटते वक्त हमला
रविवार दोपहर महिला गीता अपनी बेटी के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही थी. रास्ते में आरोपी पहले से घात लगाए बैठा था. जैसे ही गीता वहां पहुंची, आरोपी ने अवैध कट्टा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही गीता जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
बेटी ने देखा खौफनाक मंजर
मां के खून से लथपथ होकर गिरने का दृश्य गीता की बेटी ने अपनी आंखों से देखा. वह चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी हथियार लहराते हुए भाग निकला. इस घटना ने पूरे गांव को हिला दिया और लोग मौके पर जमा हो गए. माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
आरोपी की पुरानी हरकतें
मृतका की बेटी ने बताया कि आरोपी अक्सर उनके घर के गेट के सामने खड़ा होकर बदतमीजी करता था. जब परिवार ने उसे रोका और गीता ने थप्पड़ मारकर सबक सिखाने की कोशिश की, तो आरोपी आगबबूला हो गया. उसने धमकी दी थी कि एक घंटे में सबको जान से मार देगा. उसी धमकी को उसने अंजाम दे दिया.
ये भी पढ़ें-मायावती का बड़ा एक्शन! समधी को किया BSP से बाहर, आकाश आनंद के रोल पर दिया संदेश
पुलिस की कार्रवाई
डीग पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से हथियार भी बरामद हुआ है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके साथियों पर भी कार्रवाई की जाएगी. गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


