Triple Murder Case
Triple Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दिनदहाड़े हुई तिहरे हत्याकांड की वारदात से हड़कंप मच गया है. शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला मोहल्ले में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना लीडर रोड स्थित टीवीएस शोरूम के पास की बताई जा रही है. एक ही घर में तीन शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए.
मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. बताया जा रहा है कि तीनों आपस में मूक-बधिर थे. आशंका जताई जा रही है कि हमलावर घर में घुसा और चाकू से हमला कर तीनों की हत्या कर मौके से फरार हो गया. वारदात के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया.
घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय घर में मौजूद परिवार के तीनों सदस्यों पर अचानक हमला किया गया. हमलावर ने चाकू से गले पर वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें: ‘हनीट्रैप’ और पैसों का लालच: अलवर से जासूसी नेटवर्क बेनकाब, तो पंजाब के अमृतसर में 9 आतंकी गिरफ्तार
फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान की जा सके.
इलाके में फैली दहशत, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



