Bharat Express DD Free Dish

Delhi Teej Festival 2026: दिल्ली हाट में CM रेखा गुप्ता ने महिलाओं संग मनाया तीज, मेहंदी-झूलों से सजा महोत्सव

Delhi Teej Festival 2026: दिल्ली हाट INA में आयोजित तीज महोत्सव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं के साथ त्योहार मनाया और लोक संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया. दो दिवसीय महोत्सव में मेहंदी, रंगोली, झूले, पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प और खान-पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हैं.

Delhi Teej Festival 2026

Delhi Teej Festival 2026

Delhi Teej Festival 2026: दिल्ली के दिल्ली हाट, आईएनए में शनिवार को तीज महोत्सव का रंग देखने को मिला. रंग-बिरंगी सजावट, पारंपरिक परिधान, मेहंदी, झूले और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को खास बना दिया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी महोत्सव में पहुंचकर महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों के साथ तीज का उत्सव मनाया. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया.

तीज के रंग में रंगा दिल्ली हाट

दिल्ली हाट में आयोजित तीज महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक आयोजन का खूबसूरत मेल देखने को मिला. महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में पहुंचकर उत्सव की रौनक बढ़ाई. पूरे परिसर में तीज से जुड़े गीत-संगीत और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महोत्सव में महिलाओं के साथ तीज का उत्सव मनाया. उन्होंने कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और महिला सशक्तिकरण का उत्सव है. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं.

महोत्सव में पारंपरिक कला और शिल्प को बढ़ावा देने के लिए मेहंदी, बिंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया. मानसून के झूले भी आयोजन का खास आकर्षण रहे.

दो दिवसीय तीज महोत्सव में करीब 80 स्टॉल पर हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं. इसके अलावा लगभग 20 खाद्य स्टॉल लगाए गए हैं, जहां अलग-अलग पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है.

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इस बार भी तीज महोत्सव का आयोजन भव्य स्तर पर किया गया है. उन्होंने बताया कि आईएनए और पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में बड़ी संख्या में महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हो रही हैं. आयोजन का उद्देश्य दिल्ली की विविध सांस्कृतिक पहचान, लोक कला और पारंपरिक विरासत को देश-दुनिया के सामने पेश करना है.

‘मिस तीज 2026’ में दिखेगा पारंपरिक अंदाज

9 अगस्त को दिल्ली हाट के दोनों स्थानों पर ‘तीज क्वीन-मिस तीज 2026’ और ‘सर्वश्रेष्ठ महिला पोशाक’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इनमें प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता और पारंपरिक परिधान प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा. विजेताओं को विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read