कैंची धाम (नैनीताल): 20वीं सदी के महान संत पूज्य श्री नीम करौली बाबा के जीवन व संदेशों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. सीमित बजट में बनी इस आध्यात्मिक फिल्म की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब इसकी युवा निर्माता अनुप्रिया नागर के नाम एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि दर्ज हो गई है. अनुप्रिया नागर (Anupriya Nagar) को ‘लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ (London Book of World Records) द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है.
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें “यंगेस्ट फीमेल प्रोड्यूसर टू डिलीवर अ ब्लॉकबस्टर कमर्शियल एंड स्पिरिचुअल फीचर फिल्म” (Youngest Female Producer to Deliver a Blockbuster Commercial & Spiritual Feature Film) के ऐतिहासिक खिताब के तहत प्रदान किया गया है.
कैंची धाम में सौंपा गया वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट कार्तिक पालीवाल ने उत्तराखंड स्थित पावन कैंची धाम आश्रम पहुंचकर अनुप्रिया नागर को यह अंतरराष्ट्रीय सर्टिफिकेट भेंट किया.
सर्टिफिकेट में उल्लेख किया गया है कि अनुप्रिया नागर ने महज 21 वर्ष की उम्र में अपनी असाधारण रचनात्मकता, दूरदर्शिता और सटीक वित्तीय प्रबंधन के दम पर ‘हनुमान अंश’ जैसी ब्लॉकबस्टर आध्यात्मिक फिल्म का निर्माण किया. सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर असाधारण रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) हासिल कर वैश्विक सिनेमा में आध्यात्मिक फिल्मों की वापसी का एक नया मार्ग प्रशस्त किया है. इस अवसर पर कैंची धाम मंदिर के प्रबंधक प्रदीप शाह भी उपस्थित रहे.

कैंची धाम पहुंचकर बाबा के चरणों में टेका माथा
वर्ल्ड रिकॉर्ड का यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद निर्माता अनुप्रिया नागर ने सबसे पहले पूज्य बाबा नीम करौली महाराज के पावन दरबार में हाजिरी लगाई और बाबा के श्रीचरणों में अपना शीश नवाया.
सर्टिफिकेट मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए अनुप्रिया ने कहा:
“यह व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, यह हमारे पूज्य बाबा नीम करौली महाराज का असीम आशीर्वाद और उनके प्रति भक्तों की अगाध आस्था का परिणाम है. जब हमने ‘हनुमान अंश’ पर काम शुरू किया था, तब हमारा एक ही ध्येय था कि बाबा के दिव्य संदेश और उनकी निस्वार्थ सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है. दर्शकों और बाबा के भक्तों ने इस फिल्म को जो अपार स्नेह दिया, उसी का नतीजा है कि आज यह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराही जा रही है.”
वहीं, लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट कार्तिक पालीवाल ने कहा कि इतनी कम उम्र में स्वतंत्र रूप से आध्यात्मिक विषय पर फिल्म बनाकर उसे 100 करोड़ी क्लब में शामिल कराना और दुनिया भर के दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाना अपने आप में एक अभूतपूर्व मिसाल है.

2 करोड़ के बजट से 100 करोड़ के क्लब तक का करिश्मा
गौरतलब है कि महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में तैयार हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस के सभी पुराने गणित और समीकरणों को ध्वस्त कर दिया है. रिलीज के पहले दिन बहुत सामान्य शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने ‘माउथ पब्लिसिटी’ और भक्तों के अटूट विश्वास के दम पर सिनेमाघरों में भारी भीड़ जुटाई और नेट 100 करोड़ रुपये की कमाई का जादुई आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया.
वैश्विक पटल पर गूंज रहा है फिल्म ‘हनुमान अंश’ का नाम
बता दें कि ‘हनुमान अंश’ को इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी सराहना मिल चुकी है. फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग लंदन में आयोजित की गई थी, वहीं अमेरिका के फ्लोरिडा में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों और प्रसिद्ध कीर्तन गायक कृष्ण दास का भी इसे आशीर्वाद मिला था. इसके अलावा देश में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री, सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी और आचार्य प्रमोद कृष्णम जैसी कई गणमान्य हस्तियां भी फिल्म की मुक्तकंठ से प्रशंसा कर चुकी हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


