प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन
PM Modi Birthday: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और इस खास मौके पर देश के कोने-कोने से उन्हें बधाइयां मिलने का तांता लगा हुआ है. आम लोगों से लेकर तमाम दिग्गज हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. इसी बीच, राजनीतिक और आध्यात्मिक गलियारों से एक बेहद खास संदेश सामने आया है. कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् जी महाराज ने माननीय प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की है.
“पूरे संसार को अपना परिवार मान लिया”
आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि जब हम भारतीय इतिहास के पन्नों को पलटते हैं, तो एक नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा हुआ मिलता है और वह नाम है नरेंद्र दामोदरदास मोदी. उन्होंने प्रधानमंत्री के जीवन को परिभाषित करते हुए कहा कि वे ऐसे शख्स हैं जिन्होंने कभी अपने जीवन को सिर्फ अपने लिए नहीं समझा और न ही अपने परिवार को ही अपनी दुनिया माना, बल्कि पूरे संसार को ही अपना परिवार मान लिया. उन्होंने अपनी जननी को जन्म देने वाली मां की सेवा से भी आगे बढ़कर मां भारती की सेवा करने का संकल्प लिया और देश के 140 करोड़ लोगों के लिए अपना पूरा जीवन खापा दिया.
हर मां और बहन की उम्मीद बने पीएम
उन्होंने आगे कहा कि इसी त्याग और समर्पण का नतीजा है कि आज देश की हर मां यह चाहती है कि उसका बेटा नरेंद्र मोदी जैसा हो, और हर बहन चाहती है कि उसका भाई उनके जैसा बने. प्रधानमंत्री के जन्मदिन के पावन अवसर पर उन्होंने पूरे देश को बधाई दी और परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि देश के इस यशस्वी, लोकप्रिय जननायक और जनसेवक को हमेशा स्वस्थ, यशस्वी, शक्तिशाली और चिरंजीवी रखें. उन्होंने कोटि-कोटि अंतःकरण से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है.
पीएम मोदी का राजनीतिक सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सफर संघर्ष, दृढ़ संकल्प और देश सेवा की एक ऐसी मिसाल है, जो भारतीय राजनीति में विरले ही देखने को मिलती है. उनका औपचारिक और सक्रिय राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ शुरू हुआ, जहां उनकी अद्भुत प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें साल 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया. लगातार चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके प्रशासनिक सुधारों और ‘गुजरात विकास मॉडल’ ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा.
इसके बाद, साल 2014 के आम चुनावों में उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में देश का नेतृत्व किया और पूर्ण बहुमत के साथ भारत के प्रधानमंत्री बने. जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ का ही असर था कि साल 2019 और फिर ऐतिहासिक रूप से साल 2024 के आम चुनावों में भी देश की जनता ने उन पर अटूट भरोसा जताया, जिसके बाद वे स्वतंत्र भारत के सबसे प्रभावशाली और लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों की कतार में शामिल हो चुके हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




