अभिषेक शर्मा का ध्यानमुद्रा वाला सेलिब्रेशन
Abhishek sharma viral celebration: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार (17 सितंबर) को अभिषेक शर्मा का बल्ला ऐसा गरजा कि अफगानिस्तान की पूरी टीम दबाव में आ गई. तीसरे टी20 इंटरनेशनल में भारत ने 127 रन से बड़ी जीत दर्ज की और तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा अभिषेक शर्मा की रही, जिन्होंने महज 30 गेंदों में शतक ठोककर नया रिकॉर्ड बना दिया.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 221 रन बनाए. अभिषेक ने सिर्फ 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी पारी में चौके-छक्कों की ऐसी बरसात हुई कि अफगानिस्तान के गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. दूसरे छोर पर संजू सैमसन ने भी 50 रन की अहम पारी खेली और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की.
30 गेंदों में शतक, रिकॉर्ड बुक में नाम
अभिषेक का यह टी20 इंटरनेशनल में तीसरा शतक है. 30 गेंदों में सेंचुरी पूरी करके उन्होंने भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया. फुल मेंबर देशों के बल्लेबाजों में भी यह सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक रहा. ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह तीसरा सबसे तेज शतक बताया गया.
221 रन के जवाब में अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में सिर्फ 94 रन पर सिमट गई. इब्राहिम जादरान ने 25 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके. नीतीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल को दो सफलता मिली.
वायरल सेलिब्रेशन के पीछे क्या है कहानी?
शतक के बाद अभिषेक का ध्यानमुद्रा में बैठकर किया गया सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. मैच के बाद उनके पिता राजकुमार शर्मा ने बताया कि यह सिर्फ मैदान पर किया गया एक जश्न नहीं था, बल्कि अभिषेक की जिंदगी का हिस्सा है.
VIDEO | Abhishek Sharma’s father Rajkumar Sharma, speaking about his son’s viral celebration after his record-breaking ton against Afghanistan in the third T20I, said: “He does a lot of meditation. He wakes up at 4 in the morning and meditates a lot. He has got a good habit. His… pic.twitter.com/4wYQbVYd0m
— Press Trust of India (@PTI_News) September 17, 2026
ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा का तांडव! 30 गेंदों में ठोका सबसे तेज शतक, तीसरे T20 में भारत ने बनाए 221 रन
मीडिया से बातचीत में अभिषेक के पिता राजकुमार ने कहा कि अभिषेक को प्रैक्टिस का इतना जुनून है कि उसे क्रिकेट के अलावा कुछ और दिखाई नहीं देता. उन्होंने बताया कि अभिषेक मेडिटेशन भी करता है और इसके लिए सुबह करीब 4 बजे उठ जाता है. पिता के मुताबिक, इसी वजह से उसका फोकस मजबूत रहता है.
अभिषेक के सेलिब्रेशन पर राजकुमार ने कहा कि क्रिकेट का मैदान उनके लिए मंदिर और गुरुद्वारे जैसा है. ऐसे में अगर अभिषेक ने वहीं बैठकर ध्यानमुद्रा में भगवान को याद किया, तो यह उनके लिए खुशी की बात है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिषेक आगे भी इसी ऊर्जा और मेहनत के साथ भारतीय टीम के लिए बड़ी पारियां खेलता रहेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




