Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, लतीफ भट को घेरा; पुलिस ने सरेंडर करने को कहा

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस को आशंका है कि लश्कर कमांडर लतीफ भट इलाके में फंसा है. उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया है.

kulgam-encounter-lashkar-commander-latif-bhat-surrounded

कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान मोर्चे पर जवान (इमेज-Bharat Express)

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का ऑपरेशन एक बार फिर तेज हो गया है. मंगलवार 18 नवंबर की सुबह जिले के कई गांवों में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट फंसा हो सकता है. पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा है.

इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई मुठभेड़ में लतीफ भट का साथी उमर निसार डार मारा गया था. इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को CCTV फुटेज जारी किया, जिसमें उमर निसार डार और लतीफ भट 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी करते नजर आए. इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे.

500 से ज्यादा लोग हिरासत में

11 नवंबर को CRPF चौकी पर हुए हमले के बाद से ही कुलगाम में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है. पुलिस ने कई इलाकों में घेराबंदी की है. पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है.

पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि स्थानीय निवासी उमर निसार डार ने लतीफ भट के साथ मिलकर हमले से पहले कई जगहों की रेकी की थी. इनमें मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम शामिल हैं.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 नवंबर को डार और लतीफ भट ने इन इलाकों में घूमकर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी. इसके अगले दिन दोनों ने अखरान में CRPF नाके पर हमला किया और मौके से फरार हो गए. बाद में CCTV फुटेज की जांच के दौरान दोनों की पहचान हुई.

पांच-छह महीने से लतीफ की मदद कर रहा था डार

पुलिस अधिकारी के मुताबिक CCTV फुटेज में 10 नवंबर को रेकी करने से लेकर CRPF चौकी पर हमले के बाद भागने तक की गतिविधियां कैद हुई थीं.

अधिकारी ने बताया कि उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम के एक पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच में पता चला कि डार पिछले पांच-छह महीने से लतीफ भट को पनाह दे रहा था और उसे जरूरी मदद पहुंचा रहा था.

पुलिस के मुताबिक लतीफ भट स्थानीय स्तर पर आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है. वह 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए उस हमले में भी शामिल था जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हुई थी. इसके अलावा 1 अगस्त को कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के पीछे भी उसका हाथ होने की आशंका जताई गई थी.

ये भी पढ़ें- 8 दिन बाद दूल्हा बनने वाला था करन, घर पहुंचा तिरंगे में लिपटा शव; शादी की खुशियां मातम में बदलीं

फिलहाल कुलगाम में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है. लतीफ भट के मुठभेड़ में फंसे होने की आशंका के बीच उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism