जानकी मंदिर निर्माण में हो रही भयंकर लूट
रिपोर्ट- आनंद बिहारी सिंह (सीतामढ़ी)
Anand Mohan On Janaki Mandir: सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर सियासत तेज हो गई है. मंदिर निर्माण का श्रेय लेने की होड़ के बीच शिवहर की जेडीयू सांसद लवली आनंद के पति और पूर्व सांसद आनंद मोहन ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि माता सीता मंदिर निर्माण में भयंकर घोटाला हो रहा है. आनंद मोहन ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने माता सीता के मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया था.
उन्होंने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम स्थित माता जानकी मंदिर निर्माण में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया. पूर्व सांसद ने कहा कि जानकी मंदिर बनाने में 1200 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. लेकिन मौके पर 500 करोड़ ही लग जाए तो बड़ी बात होगी.
जानकी मंदिर निर्माण में लूट ही लूट
आनंद मोहन ने मंदिर निर्माण में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अनियमितता और लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका जल्द पर्दाफाश करेंगे.
पूर्व सांसद ने कहा कि जो लोग मां जानकी मंदिर निर्माण का क्रेडिट ले रहे हैं, उनको मंदिर निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार को ध्यान से देखना चाहिये. पत्रकारों से गड़बड़ी के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि वो जिस दिन इसका साक्ष्यों के साथ खुलासा करेंगे उसदिन सबको बुलाएंगे.
2000 रुपये के पत्थर की 8000 में खरीद
आनंद मोहन ने कहा कि माता जानकी मंदिर निर्माण में हर स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है. जो पत्थर 2000 में लगना है उसे 8000 में लाया जा रहा है. यहीं हाल मिट्टी को लेकर भी है. कुल जमा यह है कि मंदिर निर्माण में हर स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है.
पूर्व सांसद ने इस दौरान अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लोग लगातार श्रीराम मंदिर की बात करते रहे, लेकिन अयोध्या हार गए. अब माता सीता को बनवास से मुक्ति मिलनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- Explainer: 2 आयुक्त, 10 माह और 14 सवाल: समझें SIR पर IE के रिपोर्ट की पूरी ABCD
उन्होंने मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाले नेताओं को भी इस पूरे मामले पर पैनी नजर रखने की नसीहत दी. आनंद मोहन के इस बयान के बाद सीतामढ़ी में मंदिर निर्माण को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

