प्रेग्नेंट लिव-इन पार्टनर की हत्या
Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक महिला की हत्या करके उसकी लाश को घर के बगीचे में ही दफना दिया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मकान पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया. जब बगीचे से बदबू उठने लगी तो मिट्टी में दबा हुआ शव मिला. मामला बिंदायका थाना इलाके का है. सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गड्ढा खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया. पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए और उसके बाद पोस्टमार्टम के लिए डेडबॉडी को कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है. फिलहाल पुलिस की कई टीमें हत्या करके भागे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं.
मिट्टी ठीक करते वक्त दिखा महिला का हाथ, उड़े होश
पुलिस ने बताया कि बिंदायका की प्रेस्टीज कॉलोनी में एक मकान के गार्डन की मिट्टी में महिला का शव दबा हुआ मिला. बिंदायका इलाके में एक फैक्ट्री में काम करने वाला उत्तर प्रदेश का रहने वाला प्रवेश ने यह मकान किराए पर ले रखा था. बताया जा रहा है कि पिछले करीब 2 महीने से प्रवेश एक महिला को अपनी पत्नी बताकर उसके साथ यहां रह रहा था. सुबह करीब 8 बजे मकान मालिक मकान की देखरेख करने के लिए वहां आया था. मकान पर ताला लगा देख उसने आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की. तभी उसने देखा कि गार्डन की मिट्टी कहीं से ऊंची तो कहीं से नीची है. जब मिट्टी को सही करने लगा तो जमीन में एक महिला का हाथ दबा हुआ नजर आया.
रात के अंधेरे में दफनाई लाश, फिर लगाया ताला
लाश दबी होने का पता चलते ही मकान मालिक ने तुरंत बिंदायका थाना पुलिस को खबर दी. हत्या करके शव दफनाने की बात फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम की मदद से सारे सबूत इकट्ठे किए. उसके बाद पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में गाड़े हुए महिला के शव को बाहर निकाला. पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवा दिया. शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि प्रवेश ने ही महिला की हत्या की है. हत्या करने के बाद रात के समय गड्ढा खोदकर उसने लाश को दफना दिया और खुद मकान को लॉक करके फरार हो गया. पुलिस मृतका की पहचान करने में लगी हुई है.
6 महीने की प्रेग्नेंट थी महिला, नहीं मिले चोट के निशान
बिंदायका एसएचओ अनिल जैमन ने बताया कि मकान मालिक ने पुलिस को बताया है कि करीब दो महीने पहले प्रवेश ने मकान किराए पर लिया था. एक जगह 22 साल तो एक जगह 35 साल उम्र बताई गई है. उसने महिला का नाम किरन बताया था, जिसकी उम्र 32 साल है और वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली है. किरन को प्रवेश ने अपनी पत्नी बताया था. वह करीब 6 महीने की गर्भवती भी थी. पुलिस मृतका के परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है. शुरुआती जांच में शव करीब 2 से 3 दिन पुराना लग रहा है. मृतका के शरीर पर किसी तरह के गंभीर चोट के निशान भी नहीं मिले हैं. हत्या कैसे की गई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा.
गलाने के लिए नमक डाला, ठेकेदार से पैसे लेकर फरार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रवेश ने रात के अंधेरे में गड्ढा खोदकर शव को दफनाया था. लाश को जल्दी गलाने के लिए उसने दफनाने के बाद ऊपर से नमक भी डाला था. नमक डालने के बाद उसने मिट्टी से शव को ढक दिया. करीब 3 दिन पहले हत्या करने के बाद भी प्रवेश घर पर आता-जाता रहा. रविवार सुबह जल्दी वह घर से निकला था और ठेकेदार से पैसे उधार लेकर फरार हो गया. मृतका की पहचान किरन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी की रहने वाली बताई जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

