Bharat Express DD Free Dish

अचानक बरसे पत्थर, मची अफरा-तफरी! उज्जैन की शाही मस्जिद पर क्यों लेना पड़ा बड़ा फैसला?

Ujjain News: उज्जैन में शाही मस्जिद हटाने की अफवाह पर भड़की हिंसा और पत्थरबाजी के बाद प्रशासन व समाज के बीच सहमति बन गई है. अब लोग खुद मस्जिद का हिस्सा हटा रहे हैं.

उज्जैन में प्रशासन और समाजजनों की सहमति के बाद शाही मस्जिद चौड़ीकरण विवाद सुलझा.

(PC: भारत एक्सप्रेस)

Ujjain News:मनोज भटनागर/उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में शाही मस्जिद के चौड़ीकरण को लेकर पैदा हुआ विवाद अचानक हुई पत्थरबाजी और भारी गहमागहमी के बाद अब पूरी तरह शांत हो गया है. सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर फैली अफवाह के कारण मुस्लिम समाज के लोग आक्रोशित होकर सड़कों पर उतर आए थे. देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी, जिसके बाद प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया.

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा और शहर काजी खलीकुर्रहमान की समझाइश व बैठक के बाद भ्रम दूर हो गया है. नुमाइंदा कमेटी के फनीम सिकंदर ने साफ किया कि प्रशासन द्वारा जबरन कार्रवाई की अफवाह के कारण यह स्थिति बनी थी, जबकि समाज खुद निर्माण हटाने पर सहमत था. अब सहमति बनने के बाद लोग शांतिपूर्वक लौट गए हैं और कोयला फाटक से गोपाल मंदिर तक 1.5 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण का काम आपसी तालमेल से आगे बढ़ाया जा रहा है.

अफवाह के कारण भड़का विवाद और हुई पत्थरबाजी

उज्जैन में नगर निगम की विकास योजना के तहत कोयला फाटक से गोपाल मंदिर तक 1.5 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है. इस दौरान सड़क की जद में आ रहे शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की बात पर आम लोगों के बीच यह गलतफहमी फैल गई कि प्रशासन जबरदस्ती कार्रवाई करने जा रहा है. इस अफवाह के फैलते ही समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और असामाजिक तत्वों द्वारा की गई पत्थरबाजी से इलाके में हड़कंप मच गया.

प्रशासन और धर्मगुरुओं की पहल से टला बड़ा हादसा

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. शहर काजी खलीकुर्रहमान और आला अधिकारियों की समझाइश के बाद माहौल को बिगड़ने से रोक लिया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की जबरन कार्रवाई नहीं की जा रही है.

आपसी सहमति से हट रहा निर्माण, स्थिति सामान्य

नुमाइंदा कमेटी के प्रतिनिधि फनीम सिकंदर ने बताया कि कलेक्टर के साथ हुई बैठक में पहले ही यह तय हो चुका था कि समाज स्वयं मस्जिद का हिस्सा हटाएगा, लेकिन यह जानकारी आम लोगों तक समय पर नहीं पहुंच पाई थी. अब सही जानकारी मिलने के बाद गलतफहमी दूर हो गई है. लोग शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए हैं और मस्जिद का हिस्सा खुद समाजजनों द्वारा हटाया जा रहा है, जिससे सड़क चौड़ीकरण का काम सुचारू रूप से शुरू हो गया है.

यह भी पढ़ें-मऊ का ‘भागीरथ’ कार्तिक सहनी: ‘बिट्टू तबाही’ की तर्ज पर…अकेले साफ कर डाली पूरी तमसा नदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read