Bharat Express DD Free Dish

बंगाल दौरे पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का दिखा अनूठा अंदाज; खुद बनाई झालमुरी, फिर लिया चटपटा स्वाद

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बंगाल दौरे के दौरान सोमवार को कोलकाता में मशहूर झालमुरी का स्वाद लिया. खास बात यह रही कि उन्होंने इसे खुद अपने हाथों से तैयार किया.

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर कोलकाता पहुंचे. राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच उनका एक अलग अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने शहर की मशहूर झालमुरी का स्वाद लिया और इसे अपने हाथों से तैयार करने की कोशिश की. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनकी मदद करने की पेशकश की, लेकिन नितिन नवीन ने खुद ही झालमुरी बनाने पर जोर दिया.

उन्होंने इस पूरे पल का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया. करीब 56 सेकंड के इस वीडियो में वह झालमुरी में अलग-अलग सामग्री मिलाते और इसे तैयार करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में उनका कहना है कि उन्होंने कोलकाता की प्रसिद्ध झालमुरी बनाने की कोशिश की.

कोलकाता की गलियों का लोकप्रिय स्वाद

झालमुरी कोलकाता और पश्चिम बंगाल के सबसे पहचाने जाने वाले स्ट्रीट फूड में शामिल है. शहर की सड़कों और बाजारों में जगह-जगह मिलने वाली यह हल्की-फुल्की डिश लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. इसे आम तौर पर मुरमुरे यानी मुरी में कच्चा प्याज, हरी मिर्च, भुनी मूंगफली, सेव, मसाले, सरसों का तेल और नींबू का रस मिलाकर तैयार किया जाता है.

झालमुरी की खासियत सिर्फ इसका स्वाद ही नहीं, बल्कि इसे तुरंत तैयार करने का तरीका भी है. अलग-अलग चीजों को मिलाकर बनाई जाने वाली यह डिश कोलकाता के रोजमर्रा के खान-पान और स्ट्रीट फूड संस्कृति का हिस्सा मानी जाती है.

चुनावी माहौल में भी चर्चा में रही झालमुरी

पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी झालमुरी का जिक्र चुनावी दौर में सामने आ चुका है. विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के स्ट्रीट फूड का स्वाद लिया था और इसका उल्लेख भी किया था.

बाद में चुनाव परिणाम आने पर भाजपा कार्यालयों में जीत के जश्न के दौरान झालमुरी के विशेष स्टॉल लगाए गए थे. पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झालमुरी खिलाकर जीत का जश्न मनाया था.

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला कोलकाता दौरा

नितिन नवीन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला कोलकाता दौरा था. दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की. ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने महिलाओं की भागीदारी और अधिकारों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान के लिहाज से अपेक्षित अधिकार नहीं मिल पाए.

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं. उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के आरक्षण का उल्लेख करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की भी बात की.

ये भी पढ़ें- हाथ में तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’… 14 साल की फराह बलूच ने भारत से क्यों लगाई मदद की गुहार?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read