महिला 4x400 रिले में भारत को पहला गोल्ड
Asian Games 2026: जापान में चल रहे 2026 एशियन गेम्स में भारत को एथलेटिक्स में पहला सोना मिल गया है. मंगलवार को महिला 4×400 मीटर रिले के फाइनल में भारतीय चौकड़ी ने कमाल कर दिया. किरण पहल, पूवम्मा माचेत्तिरा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज की टीम ने शानदार तालमेल दिखाते हुए रेस अपने नाम कर ली. पूरी दौड़ में भारतीय धाविकाओं ने बढ़त बनाए रखी और आखिर में तिरंगा सबसे ऊपर पहुंचा दिया.
बहरीन और चीन को पछाड़ा
भारतीय टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल पक्का किया. इस रेस में बहरीन की टीम को दूसरे नंबर पर रहना पड़ा और उसे सिल्वर से संतोष करना पड़ा, जबकि चीन ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. ये इस गेम्स में ट्रैक एंड फील्ड का भारत के लिए पहला गोल्ड है, इसलिए इसकी खुशी और भी ज्यादा है.
पुरुष रिले में भी आया मेडल
सिर्फ महिलाओं ने ही नहीं, पुरुषों की टीम ने भी देश का मान बढ़ाया. पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में धर्मवीर चौधरी, मनु थीक्किनिल, जय कुमार और विशाल थेन्नारासु की टीम ने 3:01.61 का सीजन बेस्ट टाइम निकाला और ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया. वहीं 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में भी भारत ने पोडियम फिनिश किया. गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा सत्यनारायण और हरिता भद्रा की टीम ने 41.06 सेकंड का अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पर कब्जा जमाया.
पूजा और गुलवीर ने भी चमक बिखेरी
हाई जंप में पूजा सिंह ने 1.84 मीटर की छलांग लगाकर ब्रॉन्ज जीता. भले ही ये उनके बेस्ट से कम रहा, लेकिन मेडल दिलाने के लिए काफी था. उधर, 5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने 13:32.75 मिनट में रेस पूरी कर कांस्य जीता. इसके साथ ही गुलवीर ने इस एशियन गेम्स में अपना लगातार तीसरा मेडल जीतकर हैट्रिक पूरी कर ली.
ये भी पढ़ें-विथ्या रामराज ने रचा इतिहास: 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज
एक दिन में 8 मेडल, कुल 53 पर पहुंचा भारत
मंगलवार का दिन भारत के लिए सुपरहिट रहा. निशानेबाजी और एथलेटिक्स को मिलाकर एक ही दिन में 8 मेडल आए. इसमें गोल्ड भी शामिल है. अब भारत के कुल मेडलों की गिनती 53 तक पहुंच गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
