Bharat Express DD Free Dish

थाने में झाड़ू, बाहर JCB और रामधुन… डबरा नपा में तालेबंदी के बाद 5 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Gwalior News: ग्वालियर के डबरा में बेसहारा गोवंश की दुर्दशा से नाराज गौ सेवकों ने नगर पालिका दफ्तर में तालाबंदी कर सीएमओ चेंबर के बाहर बछड़ा बांध दिया. 5 घंटे चले भारी हंगामे और धरने के बाद पुलिस ने 9 लोगों पर मामला दर्ज किया.

ग्वालियर जिले के डबरा नगर पालिका में सड़कों पर घूम रहे गोवंश की समस्या को लेकर गौ सेवकों ने हंगामा किया और तालेबंदी कर दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया.

(PC: भारत एक्सप्रेस)

Gwalior News:मनोज शर्मा/ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में आवारा और बेसहारा गोवंश की दुर्दशा को लेकर प्रशासन और गौ सेवकों के बीच भारी टकराव देखने को मिला. गोवंश की अनदेखी से नाराज युवकों ने डबरा नगर पालिका दफ्तर के बाहर ताला लगा दिया और एक बछड़े को सीधे मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) के चेंबर के बाहर बांध दिया. इस घटना के बाद 5 घंटे तक थाने में चले भारी विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

मंगलवार को डबरा नगर पालिका में बेसहारा गोवंश की समस्या को लेकर तीन युवकों ने दफ्तर में घुसकर तालेबंदी की और बछड़ा बांध दिया, जिससे पीआईसी (PIC) की बैठक निरस्त हो गई. इसके विरोध में नपा अध्यक्ष, महिला सीएमओ, पार्षदों और सफाई कर्मचारियों ने थाने का घेराव कर दिया और झाड़ू लगाकर रामधुन गाई. करीब 5 घंटे के प्रशासनिक दबाव के बाद पुलिस ने कौशल सोनी, अरविंद जोशी, सूरज जोशी समेत 9 आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया.

गोवंश की दुर्दशा पर डबरा नपा में हंगामा

ग्वालियर जिले की डबरा नगर पालिका में मंगलवार को बेसहारा और आवारा गोवंश की दुर्दशा को लेकर जमकर हंगामा हुआ. सड़कों पर आए दिन हादसों का शिकार हो रहे गोवंश के मुद्दे पर प्रशासन की उदासीनता से नाराज तीन गौ सेवकों ने नगर पालिका परिसर में घुसकर अनोखा और उग्र विरोध दर्ज कराया. युवकों ने नपा दफ्तर के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर बाहर से ताले लगा दिए और एक गाय के बछड़े को ले जाकर सीधे मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) साक्षी वाजपेयी के चेंबर के बाहर बांध दिया.

अचानक हुई तालेबंदी से निरस्त हुई PIC की बैठक

दफ्तर के दरवाजों पर अचानक हुई इस तालेबंदी और हंगामे के कारण नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया. घटना के वक्त अंदर प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (PIC) की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी, जिसे सुरक्षा और घबराहट के माहौल के बीच निरस्त करना पड़ा. कार्यालय में मौजूद वयोवृद्ध नगर पालिका अध्यक्ष, महिला सीएमओ, महिला पार्षदों और आम नागरिकों में इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ताला खोलकर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया.

थाने का घेराव, परिसर में लगाई झाड़ू और गाई रामधुन

घटना से आक्रोशित नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ साक्षी वाजपेयी, परिषद के सदस्यों और नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने पुलिस की ढिलाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. एफआईआर दर्ज होने में हो रही देरी के विरोध में जनप्रतिनिधि और कर्मचारी खुद थाने पहुंच गए और परिसर में धरना शुरू कर दिया. विरोध दर्ज कराने के लिए नपा कर्मचारियों ने थाना परिसर में झाड़ू लगाई, कचरा वाहन व जेसीबी मशीनें थाने के बाहर खड़ी कर दीं और रामधुन गाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया.

5 घंटे के भारी दबाव के बाद पुलिस की कड़ी कार्रवाई

करीब 5 घंटे तक चले इस भारी ड्रामा और प्रशासनिक दबाव के बाद पुलिस आखिरकार एक्शन में आई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कौशल सोनी, अरविंद जोशी, सूरज जोशी के साथ-साथ उन्हें उकसाने के आरोपी रूपेश कैन, चिंटू तोमर, दीपक तिवारी, भूरा रावत, हेमंत उपाध्याय और राजेंद्र चंदेल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और अनधिकृत प्रवेश समेत विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया.

क्या बोले जिम्मेदार?

साक्षी वाजपेयी (CMO, डबरा नगर पालिका):

‘अचानक कुछ लोग नगर पालिका दफ्तर के अंदर घुस आए और बछड़े को मेरे चेंबर के बाहर बांध दिया. उन्होंने दोनों गेटों पर बाहर से ताला लगा दिया, जिससे परिषद की महत्वपूर्ण बैठक नहीं हो सकी. शासकीय काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया गया है.’

जयराज कुबेर (ASP, ग्वालियर ग्रामीण):

‘शिकायत के आधार पर हिरासत में लिए गए तीनों युवकों और उन्हें उकसाने वाले स्थानीय नेताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, अनधिकृत प्रवेश और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.’

यह भी पढ़ें- कश्मीर में आधी रात इंडियन आर्मी का बड़ा ऑपरेशन: लश्कर का खूंखार आतंकी मूसा को एनकाउंटर में किया ढेर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read