Bharat Express DD Free Dish

विपक्षी दलों का 2-8 अक्टूबर तक देशभर में प्रदर्शन, 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग घेरेंगे, I.N.D.I.A. ब्लॉक का फैसला

INDIA Alliance Meeting: INDIA गठबंधन की बैठक साढ़े 3 घंटे चली जिसमें 20 पार्टियां शामिल हुईं. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा चुनाव आयोग कठपुतली की तरह सरकार के इशारे पर काम कर रहा है.

विपक्षी दलों का 2-8 अक्टूबर तक देशभर में प्रदर्शन

INDIA Alliance Meeting: दिल्ली में आज INDIA गठबंधन की अहम मीटिंग हुई. मीटिंग के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि ये बैठक करीब साढ़े तीन घंटे तक चली है. इसमें कुल 20 पार्टियों के नेता शामिल हुए. कई नेता फिजिकली पहुंचे तो कई नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े. उद्धव ठाकरे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन ही अपनी बात रखी. खरगे ने कहा कि सभी नेताओं ने खुलकर अपने विचार रखे. राहुल गांधी और ममता बनर्जी की तरफ से कई अहम सुझाव भी आए. खरगे ने कहा कि मुझे खुशी है कि सभी दलों ने एक सुर में कहा है कि हम CEC के खिलाफ मिलकर और मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे.

चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर काम कर रहा है- खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आज कठपुतली बन गया है. वह सरकार के इशारे पर काम कर रहा है. सरकार ही वोट चोरी करा रही है. दो-तीन लोगों को मोहरा बनाकर वोटों की चोरी कराई जा रही है और इसी के दम पर चुनाव जीते जा रहे हैं. खरगे ने कहा कि हम सब एकजुट हैं और मजबूती से इस लड़ाई को लड़ेंगे. जहां-जहां हमारे नेता लोकतंत्र के लिए, युवाओं के हक के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, उन्हें भी परेशान किया जा रहा है. उन्हें तंग करने की कोशिश हो रही है. लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं.

विपक्ष की 5 बड़ी रैलियों का ऐलान

खरगे ने आगे आने वाले दिनों के आंदोलन का पूरा प्लान बताया. उन्होंने कहा कि विपक्ष 5 बड़ी रैलियां करेगा. साथ ही राष्ट्रपति के सामने भी अपनी बात रखेगा. 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक हर जिले में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला जाएगा. इस दौरान सभी जिलों में जिला मजिस्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया जाएगा. जनता को बताया जाएगा कि हम ये मार्च क्यों कर रहे हैं. वोट चोरी के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा. इसके बाद 6 अक्टूबर को विपक्ष के सभी सांसद ‘मार्च टू इलेक्शन कमीशन’ करेंगे. खरगे ने कहा कि हम आज ही ये मार्च निकालने वाले थे, लेकिन सभी सांसदों को बुलाकर एक साथ मार्च करने के लिए 6 अक्टूबर की तारीख तय की गई है.

‘अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे’

खरगे ने कहा कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में हम राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे. हम राष्ट्रपति को बताएंगे कि सरकार कैसे संवैधानिक अड़चनें पैदा कर रही है. लोगों को तंग और तबाह करके, अपनी मनमानी राय बनाकर झूठ के सहारे सरकार चलाई जा रही है. हम राष्ट्रपति को पूरी स्थिति समझाना चाहते हैं. इसके बाद हमारी बड़ी रैली होगी. उसकी तारीख और जगह बाद में तय करके बताई जाएगी. ये रैली अक्टूबर-नवंबर में होगी. 1 नवंबर से दिल्ली में एक बड़ी रैली का आयोजन होगा. खरगे ने कहा कि अब सबका ध्यान हमारी तरफ है.

ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए- ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्चा खोला. उन्होंने कहा कि हमारा INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट है. आज जो वोट चोरी का बड़ा घोटाला हुआ है, ये बेहद घिनौना मामला है. राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने बिहार में वोट चोरी का जो मुद्दा उठाया था, उसी वोट चोरी के दम पर भाजपा 2026 में जीती, मध्य प्रदेश, हरियाणा, बिहार में जीती और बंगाल में भी पूरी लूट की. ममता ने कहा कि हम अपनी शिकायत लेकर हर जगह गए. हम चुनाव आयोग के पास भी गए, सुप्रीम कोर्ट भी गए, हर दरवाजा खटखटाया, लेकिन कहीं से कुछ नहीं हुआ. इसलिए अब सड़क पर उतरना पड़ेगा. ममता ने सीधे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर दी. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. हमें लोकतंत्र बचाना होगा.

वोट हमारा संवैधानिक अधिकार है- ममता

ममता बनर्जी ने कहा कि मतदान का अधिकार हमारा संवैधानिक अधिकार है. अगर लोग वोट नहीं दे पाएंगे, अगर चुनाव में धांधली होगी तो देश कहां जाएगा. अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे तो ये आंदोलन और आगे जाएगा. हम सबको मिलकर लड़ना होगा. उन्होंने वोटों की लूट की है, चोरी की है. EVM की मशीनें क्यों जलाई गईं, इसका जवाब देना होगा.

ये भी पढ़ें-कांग्रेस की CWC मीटिंग में इस नेता ने क्यों लिया नीतीश कुमार का नाम, सोनिया गांधी ने क्या कहा?

लोकतंत्र हर व्यक्ति से बड़ा है- राहुल गांधी

INDIA गठबंधन की बैठक के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि बैठक में काफी अच्छी चर्चा हुई है. वोट चोरी हुई है, ये बात साफ है. सभी नेता ये सुनिश्चित करेंगे कि जिन लोगों ने भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद किया है, उन्हें सजा मिले. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो कितने बड़े पद पर हैं या कौन हैं. भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर व्यक्ति से बड़ा है. राहुल ने कहा कि बैठक में ये भावना भी थी कि विपक्ष भारत के लोगों तक ये बात पहुंचाने में काफी हद तक सफल रहा है कि चुनाव में धांधली हुई है. नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है. लोगों में, खासकर युवाओं में एक नई भावना पैदा हुई है कि भारत में जो हो रहा है वो गलत है और इसे रोका जाना चाहिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read