Bharat Express DD Free Dish

एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाक को दी ऐतिहासिक मात, आखिरी गेंद पर ऐसे पलटी बाजी

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है. पाकिस्तान के 337 रनों के जवाब में उतरी टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद पुछल्ले बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए आखिरी गेंद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

India U19 vs Pakistan U19 Asia Cup Final India Wins By 1 Wicket

PHOTO CREDIT: BCCI

Under 19 Asia Cup Final: क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होती है, तो रोमांच अपने चरम पर होता है. अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में एक बार फिर दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने थे और मुकाबला ऐसा रहा, जिसे क्रिकेट प्रेमी शायद ही कभी भूल पाएंगे. सांसें थमा देने वाले इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 1 विकेट से रोमांचक शिकस्त देकर साल 2026 का एशिया कप अपने नाम कर लिया है. एक वक्त ऐसा लग रहा था कि मैच भारत के हाथ से निकल चुका है, लेकिन हमारे पुछल्ले बल्लेबाजों ने अजेय जज्बा दिखाते हुए हार को जीत में बदल दिया.

पाकिस्तान का विशाल स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उसके बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. पाकिस्तान के ओपनर उस्मान खान ने बेहद शानदार बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन शतक जड़ा और 107 रनों की अमूल्य पारी खेली. उनका साथ निभाते हुए अब्दुल कादिर ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात कर दी. कादिर ने मात्र 54 गेंदों में ताबड़तोड़ 80 रन ठोक डाले, जिसमें 8 गगनचुंबी छक्के और 3 चौके शामिल थे. इसके अलावा कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 रनों का ठोस योगदान दिया. इन पारियों के दम पर पाकिस्तान ने निर्धारित 9 विकेट खोकर 337 रनों का एक बहुत बड़ा पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया.

भारत की तरफ से गेंदबाजी में काव्य पटेल सबसे सफल रहे, जिन्होंने 10 ओवर में 68 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके. वहीं, वेंकट ने 5 ओवर में 40 रन खर्च करते हुए 3 शिकार किए. एक सफलता अर्जुन राजपूत के हाथ लगी, जबकि मनल चौहान काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 3 ओवर में ही 40 रन लुटा दिए.

चिगुरुपति वेंकटा और मोहित उल्वा ने पलटा पासा

338 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी दमदार रही. ओपनर आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने पहले विकेट के लिए ताबड़तोड़ 95 रनों की शानदार साझेदारी करके जीत की मजबूत नींव रखी. सहवाग ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 58 रन बनाए. हालांकि, इसके बाद भारतीय पारी अचानक लड़खड़ा गई और मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ. कप्तान लक्ष्य भी 80 के निजी स्कोर पर आउट हो गए और तुरंत बाद अन्वय द्रविड़ भी रनआउट होकर पवेलियन लौट गए.

एक समय स्कोरबोर्ड पर भारत के 8 विकेट मात्र 252 रन पर गिर चुके थे और जीत बेहद मुश्किल नजर आ रही थी. टीम को जीत के लिए अभी भी 86 रनों की दरकार थी. ऐसे संकटपूर्ण समय में मनल चौहान और मोहित उल्वा क्रीज पर डटे और दोनों ने मैच का रुख पलट दिया. दोनों ने मिलकर महज 35 गेंदों में 57 रनों की तूफानी साझेदारी करके भारत की उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया. हालांकि, 309 के स्कोर पर मनल आउट हो गए, जिसके बाद आखिरी बल्लेबाज के रूप में वेंकटा क्रीज पर आए. उन्होंने आते ही दो शानदार चौके जड़कर अंतर कम कर दिया.

आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रनों की जरूरत थी. शुरुआती पांच गेंदों पर जैसे-तैसे 5 रन ही बन पाए और अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 4 रन चाहिए थे. दबाव के उस पल में मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर धमाकेदार चौका जड़कर इतिहास रच दिया और भारत को 1 विकेट से यादगार जीत दिला दी. मोहित 49 रन बनाकर नाबाद लौटे और मैदान पर जश्न का माहौल बन गया.

यह भी पढ़ें: U19 Asia Cup Final: पाक ने जीता टॉस, भारत पहले करेगा गेंदबाजी, क्या टीम इंडिया लेगी पुराने जख्मों का बदला?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read