पंजाब के जालंधर में बुधवार को भाजपा का बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन समारोह को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम को लेकर शहर में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. रैली स्थल पर बड़ा पंडाल लगाया गया है और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं.
अमित शाह दोपहर करीब 2 बजे परागपुर रोड स्थित रैली स्थल पहुंचेंगे. उनके कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है. रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.
भाजपा नेताओं के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब दो लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है. इसके लिए करीब 50 से 55 एकड़ जमीन में व्यवस्था की गई है. इसमें लगभग 40 एकड़ हिस्सा मुख्य सभा के लिए रखा गया है, जबकि बाकी जमीन का इस्तेमाल पार्किंग के लिए किया जाएगा. पार्टी के मुताबिक, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जालंधर लाने के लिए करीब 2,000 बसों के पहुंचने की उम्मीद है.
117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंची यात्रा
भाजपा ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत ‘नशा मुक्त पंजाब’ यात्रा शुरू की थी. 18 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पठानकोट से ऐसी चार यात्राओं को हरी झंडी दिखाई थी. इसके बाद इन यात्राओं ने पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया.
पार्टी के अनुसार, चारों यात्राओं ने राज्य में करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय की. अब बुधवार को इन यात्राओं का समापन जालंधर की इसी रैली में होगा. कार्यक्रम के दौरान अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे.
नशे का मुद्दा बना बड़ा राजनीतिक विषय
अमित शाह का पंजाब दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब भाजपा राज्य में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को लगातार बढ़ा रही है. आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए मादक पदार्थों की समस्या पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल है.
भाजपा इस मुद्दे को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर लगातार सवाल उठाती रही है और नशे की समस्या से निपटने के सरकार के तरीके की आलोचना करती है. ऐसे में जालंधर की यह रैली केवल अभियान के समापन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पंजाब में भाजपा की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तौर पर भी देखा जा रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

