Bharat Express DD Free Dish

रोहित शर्मा के शतक का जश्न क्यों इतना खास? जडेजा ने पूछा राज, हिटमैन ने दिया मजेदार जवाब

Rohit Sharma Century Celebration: वेस्टइंडीज के खिलाफ 101 रन बनाने के बाद रोहित शर्मा के अनोखे सेलिब्रेशन ने सबका ध्यान खींचा. जडेजा के सवाल पर हिटमैन ने क्या कहा?

Rohit Sharma Viral Century Celebration

रोहित के शतक का जश्न क्यों इतना खास? (Img: X)

Rohit Sharma Viral Celebration: गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले (IND vs WI) में रोहित शर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. 406 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने महज 75 गेंदों में 101 रन ठोक दिए. उनके साथ कप्तान शुभमन गिल ने भी जबरदस्त पारी खेली और नाबाद 223 रन बनाए. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 255 रनों की बड़ी साझेदारी की, जिसने भारत की जीत की नींव रख दी.

रोहित के शतक की जितनी चर्चा हुई, उतनी ही दिलचस्प उनका सेलिब्रेशन भी रहा. शतक पूरा करने के बाद उन्होंने सिंगल लेते हुए घुटनों को ऊपर उठाकर दौड़ने जैसा अंदाज दिखाया और फिर बल्ला हल्के से ऊपर किया. आमतौर पर रोहित के जश्न को लेकर इतनी उत्सुकता देखने को नहीं मिलती, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग था.

‘ये मेरे लिए था, इसे अपने तक ही रखता हूं’

मैच के बाद जब रोहित से उनके इस खास सेलिब्रेशन का मतलब पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह इस जश्न को अपने तक ही रखना पसंद करेंगे. उनके मुताबिक कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें हर किसी के साथ साझा करने की जरूरत नहीं होती. यह पल पूरी तरह उनके लिए था.

रोहित ने गिल के साथ हुई साझेदारी को भी याद किया. उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान स्कोरबोर्ड पर ज्यादा नहीं था. दोनों बल्लेबाज गेंद की मेरिट के हिसाब से खेलते रहे और धीरे-धीरे बड़ी साझेदारी तैयार होती गई.

गिल की पारी देखकर खुश हुए रोहित

रोहित ने शुभमन गिल की 223 रनों की नाबाद पारी की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि गिल पूरी पारी के दौरान शानदार नियंत्रण में दिखे और आखिर तक नाबाद रहकर उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी का उदाहरण पेश किया.

पहली पारी में गर्मी के बीच लंबे समय तक फील्डिंग करने के बाद बल्लेबाजी करना आसान नहीं था. रोहित ने बताया कि ऐसे हालात में अनुभव काम आता है. उनका लक्ष्य ज्यादा देर तक क्रीज पर टिके रहना और विकेट आसानी से न गंवाना था.

जडेजा ने खोला मजेदार राज

रोहित के इस जश्न को लेकर रवींद्र जडेजा भी उत्सुक थे. जडेजा ने उनसे पूछा कि आखिर इस सेलिब्रेशन के पीछे क्या कहानी है. रोहित ने जवाब दिया कि वह उन्हें ड्रेसिंग रूम में बताएंगे.


ये भी पढ़ें: बरसापारा में कैरेबियाई तूफान! वेस्टइंडीज के 3 बल्लेबाजों ने ठोके शतक, भारत को दिया 406 रनों का पहाड़ जैसा टारगेट


रोहित ने मजाकिया अंदाज में यह भी बताया कि जडेजा के पास जश्न मनाने के कई नए आइडिया थे. वह चाहते थे कि रोहित स्लाइड करें और कूदकर सेलिब्रेशन करें. लेकिन रोहित ने साफ कह दिया कि 50 ओवर फील्डिंग करने और करीब 25-30 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद उनमें ऐसा करने की ऊर्जा बिल्कुल नहीं बची थी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read