UP Shahjahanpur sadhu Murder: उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ अपराधियों ने मंदिरों को खून से रंग दिया है. शाहजहांपुर और एटा जिलों से साधु-संतों की नृशंस हत्या की दो दिल दहला देने वाली वारदातें सामने आई हैं. शाहजहांपुर में जहां मंदिर में सो रहे दो साधुओं की बेरहमी से हत्या करने के बाद उनके शवों को आग के हवाले कर दिया गया, वहीं एटा में भी एक बुजुर्ग पुजारी का सिर ईंटों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया. एक ही रात में हुई इन खौफनाक वारदातों से पूरे प्रदेश के धार्मिक-सांस्कृतिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
शाहजहांपुर में बिस्तर पर ही फूंके गए दो साधु(UP Shahjahanpur sadhu Murder)
पहली सनसनीखेज घटना शाहजहांपुर जिले के थाना खुदागंज अंतर्गत सूथा गांव की है. यहां स्थित मंदिर परिसर में रात के वक्त साधु गोपाल दास और बिहारी दास अपने-अपने बिस्तरों पर सो रहे थे. तभी अज्ञात दरिंदों ने उन पर कातिलाना हमला कर दिया. हत्यारों का दिल इतने से भी नहीं भरा-साधुओं का कत्ल करने के बाद उनके शवों को बिस्तरों समेत आग लगा दी गई ताकि पहचान और सबूत दोनों मिटाए जा सकें. सुबह जब जले हुए शव मिले, तो इलाके में कोहराम मच गया.
मंदिर की कीमती संपत्ति पर थी हत्यारों की नीयत
दोहरे कत्ल की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर दोनों जले हुए शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे मंदिर की करोड़ों की संपत्ति और जमीनी विवाद का हाथ है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही एक स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.
एटा में ईंट-पत्थरों से कुचला गया पुजारी
शाहजहांपुर की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि एटा जिले के थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव लालपुर में भी खून की होली खेली गई. सालों से गांव के मंदिर में रहकर भगवान की सेवा कर रहे बुजुर्ग पुजारी भोजराज की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्यारों ने पुजारी का मुंह और सिर ईंटों से बुरी तरह कुचल दिया था. सुबह जब ग्रामीणों ने मंदिर के बाहर खून से लथपथ शव देखा, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा.
एसएसपी ने खुद संभाला मोर्चे का जायजा
एटा में पुजारी की निर्मम हत्या की खबर मिलते ही एसएसपी डॉ. इलामारन जी खुद पुलिस फोर्स, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. डॉग स्क्वायड की टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के खेतों से अहम सुराग जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह फिलहाल पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन हमलावरों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन कर दिया गया है.
संतों के कत्लेआम से भड़का जनआक्रोश
यूपी के दो अलग-अलग जिलों(UP Shahjahanpur sadhu Murder) में पुजारियों की निशाना बनाकर की गई इन हत्याओं के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी गुस्सा है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. साधु-संत समाज ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों की सुरक्षा कड़ी की जाए और इन पापियों को जल्द से जल्द फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाए.
यह भी पढ़ें-महीने के पहले ही दिन महंगाई का झटका! ATF और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा, जानें नए रेट्स
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



