Bharat Express DD Free Dish

BSNL यूजर्स के लिए बड़ा प्लान! अब रिचार्ज के साथ मिलेगा इंश्योरेंस, ₹1 लाख का एक्सीडेंटल कवर और ₹10 हजार तक साइबर फ्रॉड सुरक्षा

BSNL Insurance Plan: BSNL चुनिंदा प्रीपेड रिचार्ज प्लान के साथ इंश्योरेंस कवर देने की तैयारी में है, जिसमें एक्सीडेंटल डेथ और साइबर फ्रॉड सुरक्षा शामिल होगी. पात्र ग्राहकों को अलग से प्रीमियम नहीं देना होगा, जबकि साइबर फ्रॉड की स्थिति में ₹10 हजार तक का कवर मिल सकता है.

BSNL Insurance Plan

BSNL Insurance Plan- bharat express

 BSNL Insurance Plan: सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL अपने ग्राहकों के लिए एक खास इंश्योरेंस प्लान लाने की तैयारी में है. इस प्लान की खास बात यह है कि इसमें एक्सीडेंटल डेथ के साथ-साथ साइबर फ्रॉड से होने वाले नुकसान को भी कवर किया जाएगा. कंपनी ने इसके लिए Oriental Insurance Company (OICL) के साथ साझेदारी की है. BSNL के चेयरमैन ए रॉबर्ट जे रवि ने ET को बताया कि कंपनी ऐसे ग्राहकों तक भी इंश्योरेंस पहुंचाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने पहले इसके बारे में नहीं सुना है.

रिचार्ज के साथ मिलेगा इंश्योरेंस कवर

रिपोर्ट के मुताबिक, यह इंश्योरेंस सुविधा BSNL के सभी रिचार्ज पर नहीं, बल्कि चुनिंदा प्रीपेड प्लान के साथ उपलब्ध होगी. इनमें STV 202 और STV 2449 जैसे प्लान शामिल हैं. इस स्कीम के तहत ग्राहकों को अलग से इंश्योरेंस प्रीमियम देने की जरूरत नहीं होगी. ग्राहक जैसे ही पात्र BSNL नंबर पर रिचार्ज करेगा, उसे पॉलिसी एक्टिवेशन से जुड़ा SMS प्राप्त होगा. इसके बाद रजिस्टर्ड नाम पर इंश्योरेंस कवर बनाया जाएगा.

₹1 लाख का एक्सीडेंटल डेथ कवर

BSNL की इस पहल में ग्राहकों को 1 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर मिलने की जानकारी सामने आई है. यानी दुर्घटना में ग्राहक की मृत्यु होने की स्थिति में पॉलिसी की शर्तों के अनुसार निर्धारित राशि का लाभ मिल सकता है. कंपनी का मानना है कि यह सुविधा खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में रहने वाले ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकती है. BSNL चेयरमैन के मुताबिक, किसान, खेतों में काम करने वाले लोग और मछुआरों जैसे ग्राहक भी इससे लाभान्वित हो सकते हैं.

साइबर फ्रॉड में ₹10 हजार तक का कवर

इस इंश्योरेंस प्लान का दूसरा अहम हिस्सा साइबर फ्रॉड कवर है. अगर BSNL का पात्र प्रीपेड नंबर बैंक अकाउंट से लिंक है और ग्राहक के साथ फिशिंग, फेक ईमेल या किसी अन्य साइबर धोखाधड़ी के जरिए पैसों की चोरी होती है, तो पॉलिसी की शर्तों के तहत 10,000 रुपये तक के नुकसान का कवर मिल सकता है. हालांकि, साइबर फ्रॉड कवर के लिए लागू नियम, पात्रता और क्लेम की शर्तों को समझना जरूरी होगा.

Airtel भी ला चुका है ऐसा प्लान

इंश्योरेंस को टेलीकॉम रिचार्ज के साथ जोड़ने की दिशा में BSNL अकेली कंपनी नहीं है. इससे पहले निजी क्षेत्र की कंपनी Bharti Airtel ने भी 279 रुपये और 179 रुपये वाले रिचार्ज प्लान के साथ लाइफ इंश्योरेंस कवर की सुविधा शुरू की थी.

 यह भी पढ़ें: लाइफ टाइम सेविंग्स न हो जाए बेकार’: जानिए जमीन खरीदते समय किन 7 सरकारी दस्तावेजों को चेक करना सबसे जरूरी

BSNL के ग्राहकों में भी बढ़ोतरी

हालिया TRAI आंकड़ों के अनुसार, M2M कनेक्शन को छोड़कर भारत में मोबाइल वायरलेस सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान BSNL ने करीब 5 लाख नए मोबाइल सब्सक्राइबर जोड़े. वहीं Jio ने करीब 19 लाख ग्राहक जोड़े, जबकि Vodafone Idea (Vi) के ग्राहकों की संख्या में करीब 1 लाख की कमी आई. BSNL के लिए नए ग्राहकों की यह बढ़त कितनी टिकाऊ रहती है, यह आने वाले महीनों में स्पष्ट होगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read