Bharat Express DD Free Dish

चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में खेल‍ा! अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने क्यों बदला सोशल मीडिया बायो?

पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ा फेरबदल. राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया बायो में लिखा ‘पूर्व अध्यक्ष’, नए पीसीसी चीफ के लिए विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे.

Punjab Congress PCC Chief Amarinder Singh Raja Warring Resigns

पंजाब विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने से ठीक पहले सूबे की सियासत में हलचल तेज हो गई है. पंजाब कांग्रेस के भीतर एक बेहद बड़ा संगठनात्मक फेरबदल देखने को मिल रहा है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की कमान को लेकर जारी खींचतान के बीच अब नेतृत्व परिवर्तन की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है. कांग्रेस हाईकमान और राज्य के नेताओं के बीच बैठकों के दौर के बाद यह तय माना जा रहा है कि पार्टी चुनाव से पहले नया चेहरा सामने लाने जा रही है.

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का इस्तीफा

इस्तीफे की तमाम अटकलों और चर्चाओं के बीच लुधियाना से सांसद और वर्तमान पीसीसी प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल का बायो अपडेट कर दिया है. वड़िंग ने खुद को ‘पूर्व अध्यक्ष, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी’ लिख दिया है.

जानकारी के अनुसार, पार्टी हाईकमान ने उन्हें पहले ही संदेश दे दिया था कि उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. बायो बदलते ही यह साफ हो गया कि पंजाब कांग्रेस में वड़िंग अध्याय फिलहाल समाप्त हो गया है.

रेस में कौन-कौन से दिग्गज?

राजा वड़िंग के पद छोड़ने के संकेत मिलते ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई है. पार्टी हलकों में कई बड़े चेहरों के नामों पर मंथन चल रहा है. पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम इस रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है. हिंदू चेहरे के तौर पर उनका समीकरण पार्टी को मुफीद लग रहा है.

वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री रंधावा का नाम भी मजबूती से चर्चा में है. साथ ही हॉकी खिलाड़ी से नेता बने परगट सिंह के नाम पर भी विचार किया जा रहा है.

हाईकमान के औपचारिक ऐलान का इंतजार

भले ही राजा वड़िंग ने अपने बायो के जरिए स्थिति साफ कर दी हो, लेकिन कांग्रेस आलाकमान की ओर से आधिकारिक मुहर लगना बाकी है. माना जा रहा है कि अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली से नए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया जाएगा. चुनाव से ठीक पहले हुआ यह फेरबदल पार्टी को कितना फायदा पहुंचाता है, यह देखने वाली बात होगी.

यह भी पढ़ें: ‘अमित शाह जो कहते हैं, पूरा करते हैं’: पंजाब से ड्रग्स खत्म करने के गृह मंत्री के बयान का सतीश पूनिया ने किया समर्थन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read