Bharat Express DD Free Dish

ज्ञानपुर में विकास के दावे या कागजों का खेल, 13 लाख के मंच से लेकर बारात घर तक घोटाले के आरोप

UP News: ज्ञानपुर विधानसभा में विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. विधायक निधि से 13 लाख के रामलीला मंच और बारात घर के निर्माण में घोटाले के आरोप लगे हैं.

Scam in the name of development in Gyanpur

ज्ञानपुर में विकास के नाम पर घोटाला (AI जनरेटेड फोटो)

UP News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों विकास के नाम पर हो रहे कामों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. लोगों का कहना है कि फाइलों में योजनाएं पूरी दिखा दी जा रही हैं, उद्घाटन के बोर्ड लग रहे हैं और सरकारी खजाने से पैसा भी निकल रहा है लेकिन जब मौके पर जाकर देखा जाता है तो वहां काम का नामोनिशान तक नहीं मिलता. इसी वजह से अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर पैसा जा कहां रहा है?

प्रसव केंद्र और विधायक निधि के कामों पर लगे आरोप

ताजा मामला एक प्रसव से जुड़े कार्य का बताया जा रहा है, जिस पर भी स्थानीय लोगों ने सवाल खड़े किए हैं. इसके अलावा विधायक निधि से कराए जा रहे कई दूसरे विकास कार्यों में भी गड़बड़ी की बात सामने आ रही है. लोगों का आरोप है कि जो काम दिखाए जा रहे हैं, उनकी हकीकत कुछ और ही है.

13 लाख का रामलीला मंच, खर्च का हिसाब गायब

सबसे ज्यादा चर्चा रामलीला मंच के नाम पर आए करीब 13 लाख रुपये के फंड को लेकर है. आरोप लग रहा है कि मंच बनाने और कार्यक्रम के नाम पर जितनी रकम निकाली गई, असल में उतना पैसा लगाया ही नहीं गया. आयोजन में बहुत कम खर्च हुआ और बाकी पैसे का क्या हुआ, इसका कोई साफ जवाब नहीं मिल रहा है. इसको लेकर लोगों में काफी नाराजगी है.

बारात घर का शिलान्यास हुआ लेकिन ईंट तक नहीं लगी

ऐसा ही एक मामला बारात घर का भी है. बताया जा रहा है कि इसका शिलान्यास बड़ी धूमधाम से किया गया, फोटो-वीडियो भी हुए, लेकिन जिसके नाम पर शिलान्यास हुआ, वहां आज तक एक ईंट भी नहीं रखी गई. जमीन वैसी की वैसी पड़ी है, जबकि कागजों में कार्रवाई आगे बढ़ा दी गई है. स्थानीय लोग इसे सीधे-सीधे जनता की आंखों में धूल झोंकना बता रहे हैं.

सड़क परियोजनाओं में भी बड़े घोटाले का दावा

लोगों का कहना है कि सिर्फ मंच और बारात घर ही नहीं बल्कि सड़क बनाने वाली कई परियोजनाओं में भी भारी घपला हुआ है. करोड़ों रुपये की योजनाओं में गुणवत्ता और निर्माण दोनों पर सवाल हैं. हैरानी की बात यह है कि इतने गंभीर आरोपों के बाद भी सभी नेता और जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं, कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है.

ये भी पढ़ें-गुजराती पायलट की बहादुरी पर दुनिया ने किया सैल्यूट, गुजरात सरकार देगी खास गरिमा अवॉर्ड

क्षेत्र के लोगों में अब गुस्सा बढ़ता जा रहा है. उनका सीधा आरोप है कि विकास के नाम पर सरकारी धन निकाला जा रहा है और नेताओं की जेबें भरी जा रही हैं. एक स्थानीय ने तंज कसते हुए कहा कि नेता जनता के पैसे से लिट्टी-चोखा खाकर डकार तक नहीं ले रहे, जबकि ज्ञानपुर की जनता आज भी बदहाल स्थिति में जीने को मजबूर है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read