Bharat Express DD Free Dish

अलवर में दिल दहलाने वाली घटना, बेटे से बाइक का बहाना कर मंगवाया पेट्रोल, फिर खुद को लगाई आग

अलवर के टपूकड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां घर के झगड़े के बाद एक शख्स ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरा परिवार सहम गया.

Horrifying incident in Tapukara

टपूकड़ा में दिल दहलाने वाली घटना

रिपोर्ट- चन्द्र मोहन गुप्ता/ अलवर

राजस्थान में अलवर के टपूकड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां घर के झगड़े के बाद एक शख्स ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरा परिवार सहम गया. बताया जा रहा है कि युवक ने पहले अपने बेटे से बाइक में पेट्रोल डालने की बात कही. बेटे को लगा कि पिता सच में बाइक में तेल डलवाना चाहते हैं, इसलिए वह भरोसा करके पेट्रोल ले आया. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसी पेट्रोल से वह खुद को आग लगा लेगा.

कमरे में जाकर खुद को लगाई आग

पेट्रोल हाथ में आते ही युवक सीधे कमरे में चला गया. कुछ ही देर में कमरे से आग की तेज लपटें उठने लगीं. यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई. उसकी पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए पति को बचाने के लिए दौड़ लगाई. किसी तरह आग को बुझाया गया और आनन-फानन में परिजनों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया. इस हादसे में युवक का शरीर करीब 50 प्रतिशत तक जल गया है और अब अलवर के जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.

कहां का रहने वाला है युवक?

जानकारी के मुताबिक झुलसे हुए युवक का नाम रमेश कुमार है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है. पिछले करीब दो साल से उसने टपूकड़ा के जिवाना इलाके में अपना मकान बना रखा है. वहीं पर वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है. रमेश बेल्डिंग का काम करके अपने परिवार का गुजारा करता है. उसकी पत्नी का नाम प्रमिला बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें-बिहार का अगला डीजीपी कौन? रेस में शामिल हैं 10 वरिष्ठ अधिकारी

घरेलू विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

पत्नी प्रमिला ने बताया कि एक दिन पहले ही घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इसी घरेलू विवाद के बाद रमेश ने बेटे से कहा कि बाइक में पेट्रोल डालना है. बेटे ने बिना कुछ सोचे समझे पिता की बात मान ली और पेट्रोल लाकर दे दिया. उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि पिता जिस पेट्रोल को बाइक के लिए मांग रहे हैं, उसी से वह खुद को जला लेंगे. इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और बेटा गहरे सदमे में है. पूरे परिवार को इस हादसे ने बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read