Lucknow News: लखनऊ/रवि कुमार:लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. राजेंद्र नगर स्थित विजन अपार्टमेंट में मामूली कहासुनी के बाद 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने औजार से वार कर अपनी ही मां की जीवन लीला समाप्त कर दी.
लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 में 42 वर्षीय गीता भागचंदानी की दर्दनाक हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच के मुताबिक, महिला का 17 वर्षीय नाबालिग बेटा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहा था और परिवार से अलग किराए के मकान में रहता था. घटना के दिन वह अपनी मां से मिलने आया था, जहां किसी बात पर हुई कहासुनी के दौरान उसने भारी औजार से मां के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
राजेंद्र नगर के विजन अपार्टमेंट में फैली सनसनी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में हत्या की एक खौफनाक वारदात से हड़कंप मच गया. राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 में 42 वर्षीय गीता भागचंदानी पत्नी राकेश की लहूलुहान हालत में लाश मिली. गुरुवार को हत्या की सूचना मिलने के तुरंत बाद नाका थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर जांच शुरू की.
अलग किराए के मकान में रहता था नाबालिग बेटा
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया कि मृतका का 17 वर्षीय नाबालिग बेटा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रहा था. इसी वजह से वह अपने परिवार से अलग एक किराए के मकान में रहता था. उसके रहने, खाने और पढ़ाई-लिखाई समेत तमाम खर्चों का इंतजाम उसके पिता द्वारा ही किया जाता था.
मिलने आया था बेटा, कहासुनी में कर दिया जानलेवा हमला
घटना वाले दिन नाबालिग अपनी मां गीता भागचंदानी से मिलने विजन अपार्टमेंट स्थित फ्लैट पर आया हुआ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके नाबालिग ने पास में रखे एक भारी औजार से मां के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया.
पुलिस की हिरासत में आरोपी, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नाबालिग मौके पर ही मौजूद रहा. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत अपनी अभिरक्षा (कस्टडी) में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी. फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर खून के नमूने व हत्या में इस्तेमाल किया गया औजार बरामद कर लिया है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या की सटीक वजहों की पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें-प्यार में धोखा मिला तो बन गए बलिया के ‘बेवफा चायवाले’, दीवाने हुए अफसर और नेता
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




