फुटबॉल प्रेमियों के लिए शनिवार का दिन बड़ा रोमांचकारी होने जा रहा है. फुटबॉल की मक्का कही जाने वाली कोलकाता की धरती पर पहली बार भारतीय फुटबॉल टीम (Blue Tigers) और 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के बीच एक अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेला जा रहा है. सॉल्ट लेक स्टेडियम (विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन) में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को लेकर पूरे देश और दुनिया भर के खेल प्रेमियों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिल रहा है. आयोजन में भारत एक्सप्रेस मीडिया पार्टनर है.
मुकाबले से पूर्व आज खिलाड़ियों और ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक भव्य गाला डिनर का आयोजन किया गया है. इस विशेष अवसर पर खेल, सिनेमा और राजनीति की नामचीन हस्तियों के साथ भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) एवं एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय ने भी कोलकाता में शिरकत की.
“खेल से बड़ा जोड़ने का कोई माध्यम नहीं” — CMD उपेन्द्र राय
भारत-ब्राजील में होने जा रहे फुटबॉल मैच को लेकर अपने विचार साझा करते हुए सीएमडी उपेन्द्र राय ने इस आयोजन की प्रशंसा की. उन्होंने कहा-
“कोलकाता की धरती पर ब्राजील और भारत की फुटबॉल टीम के बीच फ्रेंडली मुकाबला होना अपने आप में बेहद सुखद और रोमांचक है. स्टेडियम की क्षमता 64,000 दर्शकों की है, लेकिन जिस तरह का उत्साह और टिकटों के लिए आवेदन आए हैं, उसे देखकर लगता है कि स्टेडियम के बाहर भी उतने ही लोग मैच देखने के लिए खड़े रहेंगे.”
उन्होंने आगे कहा-
“यह फ्रेंडली मैच भारत में एक अनूठा और पहला प्रयास है. ऐसा दुनिया में बहुत कम देखने को मिलता है कि इतनी दिग्गज टीम भारत आकर खेल रही हो. मेरे बेटे को फुटबॉल का बहुत शौक है, इसलिए हम लोग यह मैच देखने आए हैं. मुझे भी क्रिकेट की तुलना में फुटबॉल देखना कहीं ज्यादा पसंद है. खेल सबसे ज्यादा लोगों को जोड़ने का काम करता है. ऐसे आयोजनों में मीडिया पार्टनर होना या न होना अलग बात है, लेकिन जो भी प्रयास देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी हों, उसमें हम सभी को अपना योगदान देना चाहिए.”

कोलकाता पहुंचे ब्राजील के दिग्गज सितारे
इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए ब्राजील की मजबूत स्टार टीम गुरुवार रात ही कोलकाता पहुंच गई थी. टीम में विश्व फुटबॉल के नए सनसनी विनीसियस जूनियर (Vinicius Jr), एंड्रिक (Endrick) और एस्टेवाओ (Estevao) जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ी शामिल हैं. ब्राजील के डेलिगेशन ने मैच से पहले सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचकर पिच और व्यवस्थाओं का मुआयना किया. खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट से लेकर टीम होटल और स्टेडियम तक सुरक्षा के कड़े व त्रिस्तरीय इंतजाम किए गए हैं.
गाला डिनर में लगेगा सितारों का जमावाड़ा
खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित गाला डिनर में राजनीतिक, सामाजिक और बॉलीवुड जगत की कई प्रमुख हस्तियों का जमावड़ा लग रहा है.
- सिनेमा जगत: मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर, अभिनेता अर्जुन कपूर और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर शामिल रहे.
- सियासी हस्तियां: सांसद निशिकांत दुबे, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, रक्षा खडसे और कमलेश पासवान सहित कई प्रमुख नेता व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
- मीडिया: भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेन्द्र राय ने पूरे परिवार के साथ डिनर में हिस्सा लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
सॉल्ट लेक स्टेडियम में इतिहास रचने की तैयारी
लगभग 64 हजार दर्शकों की क्षमता वाले सॉल्ट लेक स्टेडियम में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. मैच देखने आने वाले दर्शकों की एंट्री और ट्रैफिक व्यवस्था पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है. अब पूरे देश की नजरें शनिवार की शाम पर टिकी हैं, जब भारतीय फुटबॉल टीम दुनिया की सबसे आक्रामक और सफल टीमों में से एक ब्राजील के सामने अपने कौशल और जज्बे का प्रदर्शन करेगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

