'फूलन देवी बनकर एक-एक से बदला लूंगी', जलती झोपड़ी के सामने युवती की धमकी से हड़कंप
Badaun Crime News: यूपी के बदायूं में एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिले के एक गांव में किसी ने एक युवती की झोपड़ी जला दी. पीड़ित युवती ने यह आरोप पुलिस-प्रशासन और लेखपाल पर लगाते हुए कहा कि उसकी झोपड़ी में इन लोगों ने जबरन घर में घुसकर आग लगा दी. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में युवती कहती दिखाई देती है कि एक दिन वो फूलन देवी बनकर इसका बदला लूंगी. युवती ने जलती झोपड़ी के सामने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद अब तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
यह पूरा मामला बदायूं के कादरचौक थाने के लभारी गांव की है. पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. यह मुकदमा हल्का लेखपाल धीरेंद्र सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई है.

आरोपियों ने उखाड़ फेंकी नींव
पूरा मामला हल्का लेखपाल धीरेन्द्र सिंह की शिकायत पर दर्ज मुकदमे से जुड़ा है. 29 सितंबर को नन्हीं देवी की शिकायत पर पुलिस टीम के साथ राजस्व विभाग की टीम लभारी गांव पहुंची थी. वहां जमीन की पैमाइश की गई. पैमाइश के बाद नन्हीं देवी को उसके रकबे की जानकारी दी गई और बताया गया कि वह अपने हिस्से की जमीन पर कब्जा कर सकती हैं.
आरोप है कि इसी दौरान बलवीर पुत्र बनवारी, रामप्रसाद पुत्र दोदराम और चमन पुत्र बलवीर ने पैमाइश का विरोध किया और सरकारी काम में बाधा डाली. इसके अगले दिन यानी 30 सितंबर को नन्हीं देवी ने पैमाइश में बताए गए रकबे पर नींव भरवा दी. लेकिन लेखपाल की शिकायत के मुताबिक उसी रात बलवीर, रामप्रसाद और चमन ने नींव उखाड़कर फेंक दी. नींव उखाड़े जाने की शिकायत नन्हीं देवी ने उपजिलाधिकारी से की. इसके बाद मामला एक बार फिर राजस्व विभाग के पास जा पहुंचा.
जांच करने पहुंची टीम तो भड़का विवाद
एक अक्तूबर को राजस्व टीम और पुलिस टीम उखाड़ी गई नींव की स्थलीय जांच करने लभारी गांव पहुंची. लेखपाल के मुताबिक जांच शुरू में शांतिपूर्वक चल रही थी. इसी दौरान हरदेव पुत्र दोदराम, ओमपाल पुत्र खेमकरन, घमंडी पुत्र खेमकरन, गंगाश्री पत्नी बलवीर, अमरवती पत्नी रामप्रसाद और राजवीर पुत्र देव सिंह ने कथित तौर पर सरकारी काम में बाधा डालनी शुरू कर दी.
लेखपाल की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हरदेव के उकसाने पर अमरवती, गंगाश्री, ओमपाल और घमंडी ने रामप्रसाद की जर्जर खाली झोपड़ी में आग लगा दी. इस मामले में पुलिस ने बलवीर, रामप्रसाद, चमन, हरदेव, ओमपाल, घमंडी, गंगाश्री, अमरवती और राजवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
जलती झोपड़ी के सामने युवती का वीडियो वायरल
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब जलती हुई झोपड़ी के सामने एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में युवती पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाती नजर आ रही है. साथ ही वह खुद को फूलन देवी जैसा एक-एक से बदला लेने की बात कहती है.
ये भी पढ़ें- ‘गाड़ी में बैठ जाओ…’ रात के अंधेरे में लड़की समझकर पीछे पड़े सिरफिरे, जब सामने आई सच्चाई तो… देखें VIDEO
युवती का एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है. इसमें पत्रकार के सवाल पर वह कहती है कि उसे इंसाफ चाहिए. उसका कहना है कि उसे जितना रास्ता मिलना चाहिए, उतना रास्ता दिया जाए. युवती ने यह भी दावा किया कि उसके घर में रखा काफी सामान आग में पूरी तरह जल गया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
