Bharat Express DD Free Dish

बदलेगी मुंबई T-1 की तस्वीर, अडाणी ग्रुप शुरू करेगा पुनर्विकास, जानिए उड़ानों पर क्या पड़ेगा असर?

Mumbai Airport Redevelopment: अडाणी एयरपोर्ट्स जनवरी 2027 से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के टर्मिनल-1 के चरणबद्ध पुनर्विकास कार्य की शुरुआत करेगा. पहले चरण में टर्मिनल-1बी के नॉर्थ सेक्शन पर काम किया जाएगा.

adani-airports-mumbai-terminal-one-redevelopment-navi-mumbai-airport-impact

अडाणी ग्रुप मुंबई T-1 का शुरू करेगा पुनर्विकास

Mumbai Airport Redevelopment: अडाणी एयरपोर्ट्स जनवरी 2027 से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के टर्मिनल-1 के चरणबद्ध पुनर्विकास कार्य की शुरुआत करेगा.

पहले चरण में टर्मिनल-1बी के नॉर्थ सेक्शन पर काम किया जाएगा. एयरपोर्ट ऑपरेटर ने यात्रियों और एयरलाइंस को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए इस परियोजना को अलग-अलग चरणों में पूरा करने की योजना बनाई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हिस्से को 15 जनवरी 2027 से ध्वस्त किया जाना शुरू होगा.

मुंबई एयरपोर्ट हर साल करीब 5.5 करोड़ यात्रियों को संभालता है, जबकि टर्मिनल-1 के नॉर्थ सेक्शन से सालाना लगभग 50 लाख यात्रियों की आवाजाही होती है.

मुंबई एयरपोर्ट के यातायात पर नहीं पड़ेगा प्रभाव

अडाणी एयरपोर्ट्स ने कहा है कि पुनर्विकास के दौरान भी मुंबई एयरपोर्ट के करीब 91 प्रतिशत यात्री यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. ऑपरेटर ने एयरलाइंस को अपनी कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने का विकल्प भी दिया है.

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अरुण बंसल ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा यह पुनर्विकास एयरपोर्ट के संचालन को जारी रखने के साथ-साथ पुराने हो चुके टर्मिनल से जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों का समाधान करने में मदद करेगा.

एयरपोर्ट ऑपरेटर के अनुसार, पुनर्विकास के बाद टर्मिनल-1 की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 1.5 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ यात्री हो जाएगी.

टर्मिनल चालू होने के बाद उपलब्ध होगा स्लॉट

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) वर्ष 2020 से टर्मिनल-1 के भविष्य को लेकर विभिन्न एयरलाइंस के साथ लगातार चर्चा कर रहा है. ऑपरेटर ने यह भी कहा है कि नया टर्मिनल चालू होने के बाद एयरलाइंस को उनके ऐतिहासिक स्लॉट दोबारा उपलब्ध करा दिए जाएंगे.

पुनर्विकास के दौरान नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एयरलाइंस के लिए एक वैकल्पिक केंद्र के रूप में काम करेगा. मुंबई के विमानन नेटवर्क में चरणबद्ध पुनर्वितरण की प्रक्रिया के तहत यह एयरपोर्ट पहले ही यातायात संभालना शुरू कर चुका है.

लैंडिंग शुल्क पर 100 प्रतिशत की छूट

ऑपरेटर ने बताया कि नवी मुंबई एयरपोर्ट नए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लैंडिंग शुल्क पर 100 प्रतिशत की छूट भी देगा. इसके अलावा, पात्र अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) में अंतर की भरपाई के लिए नकद वाउचर देने की योजना भी है.

ये भी पढ़ें- ऑलिव रिडले कछुओं के संरक्षण में आदाणी फाउंडेशन की पहल को मिला ओडिशा सरकार का साथ, रिपोर्ट में सामने आए अहम तथ्य

चरणबद्ध पुनर्विकास के जरिए मुंबई और नवी मुंबई हवाई अड्डों को एक-दूसरे के पूरक के रूप में संचालित किया जाएगा, ताकि मुंबई एयरपोर्ट अपने पुराने टर्मिनल-1 को आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड कर सके.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read