शहीद का शव लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी
रिपोर्ट- आशुतोष/सुलतानपुर
UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई. हादसा अयोध्या-सुलतानपुर सीमा के पास हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 79 के करीब हुआ. चंडीगढ़ में तैनात रहे सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, देवरिया निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकूला में शहीद हो गए थे. अंतिम संस्कार के लिए उनके पार्थिव शरीर को परिवार के लोग एंबुलेंस से पंचकूला से देवरिया लेकर जा रहे थे. एंबुलेंस शनिवार देर रात वहां से रवाना हुई थी. परिवार शहीद को अंतिम विदाई देने घर जा रहा था लेकिन सुल्तानपुर पहुंचते-पहुंचते एक और बड़ी त्रासदी हो गई.
एंबुलेंस में सवार चार लोगों ने गंवाई जान
हादसे में एंबुलेंस के चालक जसपाल के अलावा राजन सिंह पुत्र भूपति, गौरव सिंह पुत्र सत्यभान और राम समझ पुत्र जयसिंह की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौके पर मौत बताई गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा. सभी घायलों को अयोध्या के कुमारगंज अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान दो लोगों की जान चली गई.
गैस कटर से निकाला गया पार्थिव शरीर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत टीम और स्थानीय जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया. टक्कर के बाद एंबुलेंस का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसमें शव फंस गया. राहतकर्मियों ने गैस कटर की मदद से उसे बाहर निकाला. पुलिस ने शहीद सत्यवान के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक हलियापुर थाने में सुरक्षित रखवाया.
नींद की झपकी से हादसे की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि एंबुलेंस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ होगा. हालांकि, हादसे की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पुलिस अन्य साक्ष्यों और जांच के आधार पर दुर्घटना की वजह तय करेगी. पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने 4 अक्टूबर 2026 को हलियापुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के संबंध में जानकारी दी. जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने भी घटनास्थल से जुड़े मामले की जानकारी दी. स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और राहत-बचाव का काम कराया गया.
ये भी पढ़ें-गर्लफ्रेंड संग मोमोज खा रहा था पति, पत्नी ने पकड़ा तो बोनट पर लिटाकर दौड़ाई कार; मेरठ का वीडियो वायरल
शहीद की अंतिम यात्रा में छाया मातम
एक परिवार अपने शहीद सदस्य का पार्थिव शरीर लेकर अंतिम संस्कार के लिए देवरिया जा रहा था. रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने उस दुख को और गहरा कर दिया. जिस सफर का मकसद शहीद को अंतिम विदाई देना था, उसी दौरान एंबुलेंस में सवार चार लोगों की जिंदगी खत्म हो गई. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ यह हादसा परिवार के लिए दोहरी त्रासदी बन गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


