नाइजीरिया में बेनिन सिटी से लागोस जा रहा सैन्य विमान ओंडो राज्य में क्रैश
Nigeria Plane Crash: नाइजीरिया में सोमवार को एक दर्दनाक सैन्य विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया. बेनिन सिटी से लागोस जा रहा नाइजीरियाई वायुसेना का ATR-42 विमान दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में 25 यात्री और सात क्रू सदस्य सवार थे. हादसे में सभी 32 लोगों की मौत हो गई.
पहले संपर्क टूटा… फिर प्लेन गायब
बताया जा रहा है कि विमान एक नियमित मिशन के तहत बेनिन सिटी से लागोस के लिए रवाना हुआ था. उड़ान के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क अचानक टूट गया. अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब सवा आठ बजे कंट्रोलर्स की विमान से आखिरी बार बात हुई थी. इसके बाद कई कोशिशों के बावजूद संपर्क दोबारा स्थापित नहीं हो सका.
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. विमान का मलबा तटीय शहर इग्बोकोडा के पास मिला. इसके बाद सर्च और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया. घटनास्थल के आसपास स्थानीय लोगों की भी भीड़ जमा हो गई थी. वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि हादसा इतना गंभीर था कि किसी के बचने की उम्मीद नजर नहीं आ रही थी.
क्या थी हादसे की वजह?
नाइजीरिया के उड्डयन मंत्री फेस्टस कियामो ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स का विमान से संपर्क टूटने के बाद उसे दोबारा ट्रैक नहीं किया जा सका. उन्होंने बताया कि दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि विमान हादसे की असल वजह क्या थी.
ये भी पढ़ें: भारत का नाम लिखते ही ट्रंप की हुई किरकिरी! चुनाव का जिक्र करते हुए गलती से हुई टाइपिंग मिस्टेक
राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े होने की बात कही.
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब नाइजीरिया में सैन्य विमानों की सुरक्षा और परिचालन तैयारियों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं. अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वजह और उससे जुड़े दूसरे पहलुओं की तस्वीर साफ हो पाएगी. फिलहाल इस घटना को हाल के वर्षों में नाइजीरिया के सबसे गंभीर सैन्य विमान हादसों में गिना जा रहा है. जांच में विमान की तकनीकी स्थिति और उड़ान संचालन समेत पहलुओं को देखा जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

